बरेली: पंप खराब होने से आजाद नगर में पानी खरीद कर पी रहे हैं लोग

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। गर्मी में पुराने शहर में पानी की दिक्कत हो गई है। लोग पीने का पानी खरीद कर पी रहे हैं। जनता कई दिनों से पानी सप्लाई ठप होने की बात कह रही। नगर निगम में सुपरवाइजर से शिकायत करने के बाद भी समस्या हल नहीं होने की बात कह रही है लेकिन …

अमृत विचार, बरेली। गर्मी में पुराने शहर में पानी की दिक्कत हो गई है। लोग पीने का पानी खरीद कर पी रहे हैं। जनता कई दिनों से पानी सप्लाई ठप होने की बात कह रही। नगर निगम में सुपरवाइजर से शिकायत करने के बाद भी समस्या हल नहीं होने की बात कह रही है लेकिन अफसर इसे सही नहीं मानते। उनका कहना है कि समस्या की जानकारी मिलते ही उसे ठीक कराया जा रहा है। बारादरी कांजी हाउस के पास आए फाल्ट की जानकारी शाम को मिली तो तुरंत ही उसे सही कराने को कर्मचारी भेजा गया है। बड़ी खराबी नहीं निकली तो रात में ही पानी सप्लाई शुरु हो जाएगी।

बारादरी थाने के पास लगे नलकूप से पुराना शहर के कई इलाकों में पानी सप्लाई होती है। ट्रांसफार्मर के नीचे से जा रही पानी की लाइन को हटाकर जोड़ा गया था। कुछ दिन सप्लाई ठीक रही, लेकिन सोमवार को यहां फिर से समस्या आ गई। नलकूप पर जाकर समस्या पूछी तो यहां बताया गया कि नलकूप की मोटर खराब हो गई है इसे बदलने में समय लगेगा। इस मामले में जीएम जलकल राजेश यादव ने बताया कि नलकूप की मोटर में पानी नहीं चढ़ रहा था।

इसलिए सप्लाई का प्रेशर कम हुआ था। इसकी जानकारी मिली तो तुरंत कर्मचारी को फाल्ट सही करने शाम को ही भेज दिया गया। बड़ी फाल्ट नहीं हुई तो रात को ही सप्लाई मिल जाएगी और यदि मोटर खराब हुई तो उसे सुबह बदल दिया जाएगा। जनता को बेहतर पानी की सप्लाई मिलेगी। आजाद नगर में भी पानी की समस्या की जानकारी है। बारादरी की फाल्ट से वहां भी जलापूर्ति प्रभावित है।

आजाद नगर में सोमवार को भी पानी नहीं आया। यहां शनिवार से पानी नहीं आने की बात लोगों ने बताई है। समस्या के समाधान के लिए शनिवार और रविवार को संबधित जेई को फोन किया, लेकिन समस्या हल नहीं हुई। इसके बाद आजाद नगर के लोगों ने अखबार के कार्यालय में फोन करके अफसरों तक जानकारी पहुंचाने और समस्या हल कराने का आग्रह किया। यहां के लोगों ने बताया कि पानी खरीद कर पी रहे हैं। यह समस्या तीन दिन से है। अन्य काम के लिए हैंडपंप से पानी ला रहे हैं। मालूम हो कि यहां कटरा में लगे ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई होती है।

ये भी पढ़ें- बरेली: आटो खरीद में 35 हजार रुपये अधिक लेने का आरोप

संबंधित समाचार