बदायूं: अतिरिक्त दहेज के लिए महिला की हत्या, पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

मौत की सूचना पर पहुंचा था मायका पक्ष, जमीन पर पड़ा था शव और मुंह से निकल रहे थे झाग

बदायूं: अतिरिक्त दहेज के लिए महिला की हत्या, पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

विजय नगला, अमृत विचार। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर एक महिला की हत्या कर दी गई। ग्रामीणों की सूचना पर मायका पक्ष पहुंचा। महिला का शव पड़ा था। गेट पर चोट के निशान थे और मुंह से झाग निकल रहे थे। ससुरालीजन फरार थे। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महिला के भाई की तहरीर पर आरोपी पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

जिला अलीगढ़ के इकलाश नगर निवासी सरोज ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने तकरीबन सात महीने पहले अपनी बहन चीनू (22) की शादी थाना मूसाझाग क्षेत्र की नगर पंचायत गुलड़िया के वार्ड तीन निवासी विकास के साथ की थी। शादी में अपने सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था।

शादी के दो महीने तक सबकुछ सामान्य था लेकिन बाद में महिला का पति विकास, ससुरालीजन राहुल, सत्यभान, ओमकार आदि उसे अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये और बाइक की मांग करते हुए परेशान करने लगे।

चीनू ने मायका पक्ष को सूचना दी थी। परिजनों ने महिला के ससुरालीजनों को समझाया और कई बार पंचायतें भी की लेकिन ससुरालीजन की आदत में सुधार नहीं हुआ। वह लगातार मांग करते रहे। आरोप लगाया कि शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों ने उन्हें फोन करके बताया था कि चीनू की मौत हो गई है।

मायका पक्ष नगर पंचायत गुलड़िया पहुंचा। जहां चीनू का शव जमीन पर पड़ा था और ससुरालीजन फरार थे। मायका पक्ष की सूचना पर सीओ शक्ति सिंह, नायब तहसीलदार निरंकार सिंह, अपराध निरीक्षक राजीव कुमार मौके पर पहुंचे। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर विकास, उसकी मां, सत्यभान, ओमकार, राहुल के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। अपराध निरीक्षक ने बताया कि पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें- बदायूं लोकसभा चुनाव: आधी आबादी ने निभाई पूरी जिम्मेदारी