शाहजहांपुर: छात्रा के हो गए थे दो हिस्से, ऊपरी हिस्सा रेल पटरी तो निचला नदी में मिला

शाहजहांपुर: छात्रा के हो गए थे दो हिस्से, ऊपरी हिस्सा रेल पटरी तो निचला नदी में मिला

शाहजहांपुर, अमृत विचार: बहगुल नदी रेलवे पुल पर मिले छात्रा के शव का कटरा पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। पता चला है कि छात्रा के दो टुकड़े हो गए थे और पीठ में खरोच के निशान थे। परिजनों ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है, लेकिन दुष्कर्म की पुष्टि के लिए कोई स्लाइड नहीं बनायी गयी है। ऐसा पंचनामे में दुष्कर्म के आरोपों का जिक्र न होने के चलते हुआ। छात्रा के परिजनों का आरोप है कि दो युवकों ने उसे ट्रेन के आगे फेंक दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। 

बरेली जिले के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र की निवासी 17 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा के एक विषय में कम अंक आए थे। बुधवार सुबह दस बजे वह इंप्रूवमेंट परीक्षा का फार्म के लिए कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। छात्रा के भाई ने उसे दूसरे समुदाय के दो युवकों के साथ बाइक से जाते हुए देखा था। 

छात्रा की मां व बहन उसकी तलाश में निकले। जिसके बाद उसका शव बरामद हुआ। फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने कहा था कि घटनास्थल कटरा क्षेत्र की है। जिसके बाद फतेहगंज और कटरा पुलिस में कई घंटे तक सीमा विवाद होता रहा। सीओ फतेहगंज पूर्वी गौरव सिंह और सीओ तिलहर प्रयांक जैन घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अपने अधिकारियों को जानकारी दी थी। 

अधिकारियों ने आदेश दिया था कि कटरा पुलिस पोस्टमार्टम कराके रिपोर्ट फतेहगंज पूर्वी थाने को भेज देगी। छात्रा की मां ने आरोप लगाया था कि दो युवक उसकी बेटी को रेलवे लाइन के किनारे ले गए और ट्रेन के इंजन के आगे धक्का देकर मार डाला। कटरा पुलिस ने बुधवार रात छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया। 

छात्रा के शरीर के दो टुकड़े हो गए थे और पीठ में हल्की खरोच का निशान था। पुलिस का कहना है कि परिवार वालों ने पहले दुष्कर्म का आरोप नहीं लगाया था। फतेहगंज पूर्वी थाने पहुंचने पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया। जिसके चलते दुष्कर्म का जिक्र पंचनामे में नहीं किया गया है। ऐसे में दुष्कर्म की जांच के लिए स्लाइड नहीं बनाई गई।

अधिकारियों के कहने पर पोस्टमार्टम करवा दिया गया था। छात्रा के शरीर के दो टुकड़े हो गए थे। घटना के समय दुष्कर्म का कोई आरोप नहीं था। इसलिए पंचनामे में स्लाइड के लिए नहीं लिखा गया। परिवार वालों ने बाद में फतेहगंज पूर्वी थाने पर पहुंचकर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। फतेहगंज पूर्वी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद फतेहगंज पूर्वी थाने को भेज दी जाएगी।- गौरव त्यागी, थाना प्रभारी कटरा 

नक्शे में घटनास्थल फतेहगंज पूर्वी
फतेहगंज पूर्वी और कटरा थाना पुलिस के बीच घटनास्थल को लेकर कई घंटे तक विवाद रहा था। फतेहगंज पूर्वी के एसडीएम और लेखपाल नक्शा लेकर पहुंचे तो देखा गया कि शव जिस स्थान पर शव पड़ा था, वह फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में आता है, लेकिन अधिक विवाद न हो इसलिए अधिकारियों के कहने पर कटरा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया था। इधर, कटरा स्टेशन मास्टर हनीफ को ट्रेन के लोको पायलट ने लड़की के कटने की जानकारी दी थी।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: आयुष अस्पताल दुर्दशा का शिकार, 62 में से 19 में चिकित्सक ही नहीं...कैसे हो मरीजों का इलाज?