विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है: शिवराज

छतरपुर/पन्ना/सागर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर विकास के लिए पैसों का रोना रोने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि भाजपा सरकार विकास में कोई कमी नहीं छोडती। ‘मामा’ के खजाने में इसके लिए पैसों की कमी नहीं है। भाजपा सरकार ने चौतरफा विकास किया है। चौहान ने …

छतरपुर/पन्ना/सागर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर विकास के लिए पैसों का रोना रोने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि भाजपा सरकार विकास में कोई कमी नहीं छोडती। ‘मामा’ के खजाने में इसके लिए पैसों की कमी नहीं है। भाजपा सरकार ने चौतरफा विकास किया है। चौहान ने यह बात छतरपुर, पन्ना और सागर में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही।

छतरपुर और पन्ना में मुख्यमंत्री के साथ केन्द्रीय मंत्री डॉ वीरेन्द्र कुमार खटीक ने भी सभा को संबोधित किया। छतरपुर में मुख्यमंत्री ने नगर संकल्प पत्र का विमोचन भी किया। छतरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार ने 2018 के चुनाव के पहले छतरपुर को मेडीकल कॉलेज दिया था। उन्होंने मेडीकल कॉलेज का शिलान्यास किया था, लेकिन जैसे ही भाजपा सरकार गयी मेडीकल कॉलेज भी चला गया। पंद्रह महीने की कांग्रेस सरकार ने छतरपुर से मेडीकल कॉलेज छीन लिया। अब भाजपा सरकार ने फिर से मेडीकल कॉलेज की सौगात दी है, जिसका टेंडर भी हो चुका है।

कमलनाथ जवाब दें कि उन्होंने छतरपुर के मेडीकल कॉलेज के काम को क्यों रूकवाया। चौहान ने पन्ना में कहा कि भाजपा की सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए संबल योजना प्रारंभ की थी, लेकिन बीच में 15 महीने की कांग्रेस सरकार ने संबल योजना को बंद करके पाप किया। लेकिन जैसे ही मध्यप्रदेश में फिर से भाजपा सरकार आयी तो संबल योजना हमने पुनः प्रारंभ की। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार ने संबल योजना में जिन गरीबों के नाम काटे थे उन सभी के एक-एक नाम जोडे जायेंगे।

चौहान ने कहा कि गरीबों के बेटा बेटी पढे लिखे और आगे बढें, उच्च शिक्षा हासिल कर वे मध्यप्रदेश का नाम रोशन करें। इसके लिए आईआईटी, आईआईएम जैसे उच्च संस्थानों में एडमिशन की फीस ‘मामा’ भरेगा। उन्होंने कहा कि अगले डेढ साल में सवा लाख सरकारी नौकरियों में भर्ती की जायेगी और स्वरोजगार से 25 लाख लोगों को जोडने का काम किया जायेगा। जो युवा अपना काम धंधा करना चाहते है, उन्हें मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में 1 लाख से 50 लाख तक लोन दिया जायेगा और लोन की गारंटी भी सरकार देगी।

चौहान ने कहा कि आपके यहां विकास के सारे काम हो और सरकार की हर योजना पहुंचे, इसके लिए दिल्ली से नरेंद्र मोदी और भोपाल से ‘मामा’ पैसे भेजेगा। नगरपालिका और नगर पंचायत के सहयोग से आपके यहां विकास के काम होंगे। उन्होंने कहा कि अगर गलती से नगर सरकार कांग्रेस की बन गयी तो गरीबों के काम अवरूद्ध होंगे। उन्हें योजनाओं का लाभ नहीं मिल पायेगा।

केन्द्रीय मंत्री डॉ खटीक ने छतरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि छतरपुर की जनता जागरूक है। इस चुनाव में आपको तय करना है कि कैसे जनप्रतिनिधियों को नगर की बागडोर सौंपनी है। भाजपा में शिक्षित और जागरूक लोगों को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा के सभी प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद दें ताकि वे छतरपुर का विकास कर सकें।

चौहान का छतरपुर पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने हेलीपेड पर स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री पार्टी नेताओं के साथ सभा स्थल तक रोड शो करते हुए पहुंचे। रोड शो के दौरान बडी संख्या में जनसैलाब उमडा। कई स्थानों पर पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

छतरपुर में पार्टी की प्रदेश मंत्री ललिता यादव, प्रभुदयाल पटेल, जिला प्रभारी अवधेश नायक, जिला अध्यक्ष मलखान सिंह, विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी, राजेश प्रजापति, राजेश शुक्ला, अर्चना सिंह, जयनारायण अग्रवाल, डॉ. घासीराम पटेल, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, सुरेंद्र चौरसिया, जयराम चतुर्वेदी, धीरेंद्र नायक, नारायण महेश्वर काले, अशोक दुबे, दिलीप अहिरवार उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें- केंद्र सच बोलने वालों के खिलाफ अपनी एजेंसी का उपयोग कर रहा: ममता बनर्जी