उत्तराखंड: ‘आरएसएस मुख्यालय में नहीं फहरता है तिरंगा, वहां जाकर देखें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष’… आखिर क्यों घिर गए महेंद्र भट्ट ?

हल्द्वानी, अमृत विचार। तिरंगा यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के दिए बयान ‘जिस घर तिरंगा नहीं हो उस पर देश विश्वास नहीं कर सकता’ पर बवाल मच गया है। इस बयान के बाद वह कांग्रेस के निशाने पर आ गए हैं। कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, प्रदेश प्रभारी, हल्द्वानी विधायक ने उन पर …

हल्द्वानी, अमृत विचार। तिरंगा यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के दिए बयान ‘जिस घर तिरंगा नहीं हो उस पर देश विश्वास नहीं कर सकता’ पर बवाल मच गया है। इस बयान के बाद वह कांग्रेस के निशाने पर आ गए हैं। कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, प्रदेश प्रभारी, हल्द्वानी विधायक ने उन पर हमला बोला है। वहीं, समाजवादी पार्टी, आप, उक्रांद ने भी अध्यक्ष को घेरने की कोशिश की है। इधर, भाजपा अध्यक्ष के समर्थन में उतर गई है। ऐसे में कांग्रेस-भाजपा के नेतृत्व में जुबानी जंग शुरू हो गई है।

कांग्रेस के बयान: भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का बयान ही काफी बचकाना है। एक राष्ट्रीय पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते कोई भी बात बहुत सोच समझ कर बोलनी चाहिए। मैं आज पहाड़ पर हूं देख रहा हूं कि अधिकांश घरों में तिरंगा नहीं है वे इसलिए नहीं लगा पाए हैं कि भाजपा के कार्यकाल में आर्थिक स्थिति में गिरावट आई है। अगर आपको वास्तिवक पता उन लोगों का चाहिए जो जानबूझ कर घरों में तिरंगा नहीं लगाते हैं तो उनका पता नागपुर में आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ) मुख्यालय है। आप वहां जाइए, वहां आपको उस मंशा के लोग मिलेंगे जो जानबूझ कर अपने घरों में तिरंगा नहीं लगाते हैं। – गणेश गोदियाल, पूर्व अध्यक्ष, उत्तराखंड कांग्रेस

जिन लोगों का देश की आजादी में कोई योगदान नहीं है, आज राष्ट्रवाद की बात कर रहे हैं। देश में गरीब आदमी के पास खाने के लिए अनाज नहीं है लेकिन राशन की दुकान में गरीब आदमी को तिरंगा खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। गरीबों को अनाज, युवाओं को रोजगार, महंगाई पर लगाम कसने की जरूरत है। भाजपा जिस आजादी का अमृत महोत्सव मना रही है वो कांग्रेस की ही देन है। – देवेंद्र यादव, प्रदेश प्रभारी, उत्तराखंड कांग्रेस

तिरंगा झंडा हमारे देश की आजादी का प्रतीक है, इसे देखकर हर भारतवासी खुद को गौरवान्वित महसूस करता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान जिस घर में झंडा नहीं उस पर विश्वास नहीं, उनकी छोटी और विकृत मानसिकता को दर्शाता है। हैरानी की बात है जिनका आजादी में रत्ती भर योगदान नहीं, वो आज राष्ट्रवाद की बात कर रहे हैं। – यशपाल आर्य, नेता प्रतिपक्ष

कांग्रेस और जनता, भाजपा की तरह दिखावा नहीं करती है। तिरंगा आज से नहीं, आजादी के संघर्ष के समय से ही लोगों के दिलों में बसा है। जनता तिरंगे का सम्मान करती है, वो भाजपा के बहकावे में नहीं आने वाली है। लोगों को अमनचैन पसंद है। भाजपा सिर्फ लोगों को धर्म, जाति, संप्रदाय के नाम पर बांटना चाहती है,  उनके नेता भी आपसी सद्भाव खत्म कर देश को बांटने में दिलचस्पी है।- सुमित हृदयेश, विधायक हल्द्वानी

आजादी के आंदोलन से दूर रहने वालों को कम से कम 75 वें वर्ष में तिरंगे की याद तो आई। कार्यकर्ताओं से घरों में तिरंगे की गणना कराने के साथ-साथ घरों में रह रहे बेरोजगारों की गिनती, राशन व महंगाई की स्थिति, वेतन के लिए भटक रहे कर्मी, टूटी सड़कों, जल भराव, पलायन आदि समस्याओं की गणना व फोटो मंगाते तो बेहतर होता। – दीपक बल्यूटिया, प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस

सपा का बयान: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट का बयान निंदनीय है। भारत में जन्म के साथ ही तिरंगा लोगों के दिलों में बस जाता है, जो जान गंवाने के बाद भी नहीं हटता है। ऐसे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान बेहद शर्मनाक है। अगर, किसी खास धर्म, राजनैतिक दल, संप्रदाय को लेकर भी यह बात कही गई है तो यह उनकी निम्न स्तर की मानसिकता को दर्शाता है। भाजपा को ध्यान रखना चाहिए, जब देश की बात आती है तब सभी दल, मजहब के लोग आपसी मतभेद बुलाकर एक हो जाते हैं। – डिंपल पांडे, जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी, नैनीताल

आप का बयान: आम आदमी पार्टी ने हमेशा तिरंगे को आगे रखा है, भाजपा ने आप की तर्ज पर तिरंगे प्राथमिकता दे रहे हैं। तिरंगा हर देश वासी का मान होता है। लोगों को उस पर थोपना गलत है। – समित टिक्कू, प्रदेश प्रवक्ता, आप

क्या था बयान: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पदभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को पहली बार हल्द्वानी पहुंचे थे। यहां उन्होंने कहा था कि जिस घर में तिरंगा नहीं हो उस पर देश विश्वास नहीं कर सकता। साथ ही कांग्रेस को घेरते हुए कहा था कि स्वतंत्रता दिवस पर यह भी देखना होगा कि कांग्रेसियों ने घर में तिरंगा लगाया है या नहीं।