संभल : ससुराल में महिला की मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

संभल,अमृत विचार। बहजोई कोतवाली क्षेत्र में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे महिला के मायके वालों ने पति पर दहेज के लिए मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम …

संभल,अमृत विचार। बहजोई कोतवाली क्षेत्र में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे महिला के मायके वालों ने पति पर दहेज के लिए मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। वहीं घटना के बाद से आरोपी पति घर से गायब है।

बदायूं जनपद के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव जगतउआ निवासी कृष्णपाल सिंह ने अपनी बेटी मनोरमा उर्फ नंदनी की शादी करीब 13 साल पहले बहजोई क्षेत्र के भोजपुर गांव निवासी विपिन कुमार के साथ हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से पति विपिन ने दहेज के लिए मनोरमा को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। ससुराल में आए दिन उससे दहेज के लिए मारपीट होती रहती थी। कई बार मायके वालों ने विपिन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। शनिवार को भी उसके साथ मारपीट की गई। इससे देररात उसकी मौत हो गई। मायके वालों को मनोरमा की मौत की सूचना दी गई।

मनोरमा की मौत से मायके वालों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद वह गांव पहुंचे तो उन्होंने महिला के शरीर पर चोट के निशान देखे। निशान देखकर प्रतीत हो रहा था कि उसके साथ मारपीट गई है। इसके बाद मायके वालों ने पति विपिन पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाना शुरू कर दिया। इसी बीच विपिन मौके से फरार हो गया। पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विपिन से मनोरमा के तीन बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा शिवा 11 वर्ष, जबकि छोटा बेटा माधव सात वर्ष का है। बेटे माधव ने भी पिता पर मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। मायके वालों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

भोजपुर गांव में महिला की संदिग्ध हालत में मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। मायके वालों ने तहरीर देकर दहेज के लिए पति समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई के बाद घटना की पड़ताल की जा रही है। -पंकज लवानिया, प्रभारी निरीक्षक बहजोई

ये भी पढ़ें : अमरोहा : लापता युवक को गंगा में डूबाकर मारने का आरोप, दोस्त हिरासत में