संभल : गंगा में नहाने गए दो दोस्तों की डूबने से मौत

संभल : गंगा में नहाने गए दो दोस्तों की डूबने से मौत

बबराला (संभल) अमृत विचार। राजघाट गंगा में स्नान करने गए दो दोस्तों गहरे पानी में जाने से डूब गए। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर गोताखोरों ने दोनों को गंगा से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए दोनों को गुन्नौर में सामुदायिक स्वास्थ्य …

बबराला (संभल) अमृत विचार। राजघाट गंगा में स्नान करने गए दो दोस्तों गहरे पानी में जाने से डूब गए। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर गोताखोरों ने दोनों को गंगा से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए दोनों को गुन्नौर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टर ने देखते ही दोनों को मृत घोषित कर दिया।

रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव केवलपुर टिपेड़ा निवासी प्रमोद (24) और धीरेंद्र (22) दोनों मित्र थे। दोनों ही फरीदाबाद की एक हेलमेट बनाने वाली कंपनी में नौकरी करते थे। शुक्रवार को दोनों साथ साथ ही घर आए थे। रविवार सुबह दोनों राजघाट गंगा में स्नान करने के लिए गए थे। पानी कम होने पर वह दोनों जनपद बुलंदशहर के घाट पर पहुंचकर गंगा में स्नान करने लगे। नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को डूबते देखकर आसपास में स्नान कर रहे लोगों ने शोर मचाया।

गंगा घाट पर मौजूद गोताखोरों ने ढूंढकर दोनों दोस्तों को बेहोशी की हालत में गंगा से बाहर निकाला। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को गुन्नौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। लेकिन उपचार से पहले ही दोनों की मौत हो गई। मौत की खबर को सुनकर दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया। गुन्नौर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह पूनिया ने बताया कि युवकों की गंगा में स्नान करते समय पानी में डूबकर मौत हो गई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।

पिछले साल ही हुई प्रमोद की शादी, धीरेंद्र के घर चल रही थी तैयारी
संभल। किसी को क्या पता था कि रविवार को साथ साथ नहाते समय दोनों की एक साथ मौत हो जाएगी। दोनों की एक साथ हुई मौत से गांव में सन्नाटा पसर गया। जो जैसे था वैसे ही मृतकों के घर की ओर को जाने लगा। मृतक युवकों के परिजनों ने बताया कि दोनों ही बचपन के दोस्त थे और साथ में रहकर दोनों ने पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद दोनों ही साथ साथ फरीदाबाद की एक कंपनी में नौकरी कर रहे थे। प्रमोद की शादी पिछले वर्ष हुई थी और धीरेंद्र की शादी अभी जल्दी ही होने वाली है। परिवार के लोग धीरेंद्र के लिए लड़की तलाश कर रहे थे।

ये भी पढ़ें : संभल: गलती से ट्यूबवेलों की लाइन काटने पर किसानों ने लाइनमैनों को बनाया बंधक