रामपुर: बच्चों को दिखा तेंदुआ, गांव में दहशत

रामपुर: बच्चों को दिखा तेंदुआ, गांव में दहशत

दढ़ियाल, अमृत विचार। बुधवार को चक्खर दिया गांव में बच्चों ने तेंदुए को देखा तो उनकी चीख निकल गई। आसपास के गांव के लोग भी आ गए। लेकिन तेंदुआ वहां से जा चुका था। लोगों में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। ग्रामीण खेतों तक पर जाने से घबरा रहे हैं। नगर सहित क्षेत्र के …

दढ़ियाल, अमृत विचार। बुधवार को चक्खर दिया गांव में बच्चों ने तेंदुए को देखा तो उनकी चीख निकल गई। आसपास के गांव के लोग भी आ गए। लेकिन तेंदुआ वहां से जा चुका था। लोगों में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। ग्रामीण खेतों तक पर जाने से घबरा रहे हैं।
नगर सहित क्षेत्र के दो दर्जन गांवों में तीन सप्ताह से तेंदुए की दहशत बरकरार है। लेकिन वन विभाग खानापूर्ति कर वापस आ जाता है।

6 दिसंबर को जटपुरा में खेतों से काम कर लौट रहे किसानों ने तेंदुए को देखा था। 10 दिसंबर को दढ़ियाल मुरादाबाद मार्ग पर त्रिवेणी शुगर मिल और सरकथल के बीच में राहगीरों ने तेंदुए को मार्ग पार करते हुए देखा था। तेंदुए को देखकर राहगीरों की सांस रुक गई थी। 18 दिसंबर को क्षेत्र के गांव कैथौला के जंगल में किसानों ने तेंदुए के पद चिन्ह देखे थे। 19 दिसंबर की सुबह महुआ खेड़ा की ग्राम प्रधान तबस्सुम परवीन पत्नी जलील अहमद के घर के बाहर तेंदुए के पद चिन्ह देखे गए थे।

वहीं दूसरी ओर 19 दिसंबर की रात को क्षेत्र के गांव सीटला में मजार पर काम कर रहे मिस्त्री इमरान मजदूर मोहम्मद यामीन ने तेंदुए को दो शावकों संग देखा था। मिस्त्री मजदूरों ने मजार में बंद होकर अपनी जान बचाई थी। 21 दिसंबर को क्षेत्र के गांव अकबराबाद में जुबैर खान ने तेंदुए को देखा था।

वीडियो वायरल होने पर हुई तेंदुए की पुष्टि
अकबराबाद के ग्रामीणों ने तेंदुए की वीडियो बनाकर वायरल कर दी थी। वीडियो बनने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र में तेंदुआ होने की पुष्टि की थी। 22 दिसंबर को रामपुर धम्मन गांव के जंगल में काम करने जा रहे नावेद अली और सद्दाम ने तेंदुए को देखा था। 26 दिसंबर को क्षेत्र के गांव रूपापुर निवासी किसान हरपाल सिंह ने तेंदुए को देखा था।

तेंदुए की सूचना पर वन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पिंजरा लगाया था। वहीं 6 दिसंबर के बाद रोजाना कहीं न कहीं तेंदुआ दिखाई दे रहा है। बुधवार को क्षेत्र के गांव चक्खर दिया में कुछ बच्चों ने तेंदुए को देखा तो उनकी चीख निकल गई। आनन-फानन में बच्चों ने दौड़ लगा दी। सूचना पाकर पहुंची वन विभाग की टीम ने क्षेत्र के जंगल में कांबिग की।लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।

क्षेत्र के जंगल में लगातार काबिंग की जा रही है। लेकिन तेंदुआ एक लोकेशन पर नहीं रुक रहा। जिस कारण तेंदुए को पकड़ने में दिक्कत आ रही है। -राजकुमार वन दरोगा