पीलीभीत: धान क्रय केंद्रों की संख्या में इजाफा, 9 क्रय केंद्र बढ़े

पीलीभीत: धान क्रय केंद्रों की संख्या में इजाफा, 9 क्रय केंद्र बढ़े

पीलीभीत, अमृत विचार। किसान आंदोलन को देखते हुए सरकार के भारी दबाव के बीच खाद्य विभाग ने धान क्रय केंद्र बढ़ाने का निर्णय लिया है। खाद्य विभाग ने नौ नए क्रय केंद्र स्वीकृत करने के लिए जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजा है। इन्हें मिलाकर छह एजेंसियों के 150 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद होंगी। नई …

पीलीभीत, अमृत विचार। किसान आंदोलन को देखते हुए सरकार के भारी दबाव के बीच खाद्य विभाग ने धान क्रय केंद्र बढ़ाने का निर्णय लिया है। खाद्य विभाग ने नौ नए क्रय केंद्र स्वीकृत करने के लिए जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजा है। इन्हें मिलाकर छह एजेंसियों के 150 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद होंगी। नई संशोधित क्रय नीति में अब फॉरमर्स प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (एफपीओ) को भी धान खरीद में शामिल कर लिया गया है। यह ऑर्गेनाइजेशन खाद्य विभाग के आधीन धान खरीद करेंगे।

एक अक्टूबर से धान खरीद शुरू हो चुकी है। मगर, लखीमपुर कांड के बाद सरकार के लिए पीलीभीत में धान खरीद कराना बड़ी चुनौती है। पीसीयू के शुरुआत में ही धान खरीद से हाथ खड़े करने पर प्रशासन के सामने क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने जद्दोजहद शुरू हो गई थी। सबसे पहले प्रशासन ने 76 क्रय केंद्र ही खोले थे। मगर, प्रशासन पर धान क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने का दबाव था। चावल घोटाले के मद्देनजर धान खरीद संस्था पीसीयू ने इस बार पीलीभीत में अपने सेंटर खोलने से इनकार कर दिया था। पिछले साल पीसीयू के 42 क्रय केंद्रों पर लगभग 11 लाख क्विंटल की धान खरीद हुई थी। यह पूरे जनपद की कुल खरीद का एक तिहाई हिस्सा था।

अब पीलीभीत में 150 क्रय केंद्र खोलने का लक्ष्य तय किया गया है। इसको देखते हुए खाद्य विभाग ने नौ नए क्रय केंद्र खोलने का प्रस्ताव बनाकर डीएम को भेजा। सूत्रों के अनुसार खाद्य विभाग के प्रस्ताव पर जिलाधिकारी इन क्रय केंद्रों को मंजूर दे सकते हैं। इसलिए, सभी नौ क्रय केंद्र जल्द खुलने की उम्मीद है। इन केंद्रों को मिलाकर अब धान खरीद के कुल क्रय केंद्रों की संख्या 150 पहुंच जाएगी।

एफपीओ भी करेंगे धान खरीद
इधर, सात अक्टूबर को उप सचिव शासन अशोक कुमार मिश्र ने संशोधित क्रय नीति जारी कर दी। उसमें कहा गया कि सोसायटी एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत फारमर्स प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन एफपीओ और रजिस्ट्रार ऑफ कंपनी से पंजीकृत फारमर्स प्रोड्यूसर कंपनी एफपीसी भी खाद्य विभाग से संबद्ध होकर धान खरीद कर करेंगी।

ये एजेंसियां धान खरीद में शामिल
खाद्य विभाग, यूपीएसएस, पीसीयू, पीसीएफ, मंडी समिति, एफसीआई। इन छह एजेंसियों के 150 क्रय केंद्र धान खरीद के लिए हरी झंडी मिली है।

धान खरीद पर कमिश्नर ने बुलाई बैठक
मंडलायुक्त आर रमेश ने बुधवार देर शाम धान खरीद पर बरेली में नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक बुलाई। इसमें मंडल के पीलीभीत, बरेली, शाहजहांपुर और बदायूं के जिला खरीद अधिकारियों से अब तक की धान खरीद की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने पूरे मंडल में अफसरों को पारदर्शिता से धान खरीद कराने के निर्देश दिए।

पीलीभीत में 150 क्रय केंद्र खोलने का लक्ष्य दिया गया था। इसके सापेक्ष 141 क्रय केंद्र संचालित थे। अब नौ नए क्रय केंद्र खोलने का प्रस्ताव जिलाधिकारी को भेजा गया है। अब तक 3380 क्विंटल धान खरीद की जा चुकी है। -देवेंद्र प्रताप मिश्र, जिला खरीद अधिकारी