मुरादाबाद: सेवानिवृत चिकित्साधिकारी की पत्नी से चेन लूट

मुरादाबाद: सेवानिवृत चिकित्साधिकारी की पत्नी से चेन लूट

मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद में चेन स्नेचिंग की घटनाओं की बाढ़ आ गई है। पुलिस भी घटनाओं पर पर्दा डालने का पूरा प्रयास कर रही है। सेवानिवृत आयुर्वेद चिकित्साधिकारी की पत्नी से सरेराह हुई लूट की घटना को भी पुलिस छिपाए रही। बाद में इसका मुकदमा दर्ज किया गया। कटघर में तो खुद पीड़िता ने …

मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद में चेन स्नेचिंग की घटनाओं की बाढ़ आ गई है। पुलिस भी घटनाओं पर पर्दा डालने का पूरा प्रयास कर रही है। सेवानिवृत आयुर्वेद चिकित्साधिकारी की पत्नी से सरेराह हुई लूट की घटना को भी पुलिस छिपाए रही। बाद में इसका मुकदमा दर्ज किया गया। कटघर में तो खुद पीड़िता ने ही स्नेचर को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा लिखकर खुद ही पीठ थपथपा ली।

सिविल लाइंस थानाक्षेत्र की आशियाना कालोनी निवासी डॉ. महेंद्र सिंह भरू सेवानिवृत आयुर्वेद चिकित्साधिकारी हैं। रविवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद वह अपनी पत्नी राजबाला और बेटी नीतू सिंह के साथ घर से बाहर टहल रहे थे। आशियाना कालोनी में दंपती और उनकी बेटी पीवीआर रोड पर पहुंचे। तभी अचानक पीछे से एक बाइक आ गई।

वह कुछ समझ पाते कि इससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर राजबाला के गले से सोने की चेन खींच ली। राजबाला, डा. महेंद्र और उनकी बेटी ने शोर मचाते हुए बदमाशों की बाइक का पीछा भी किया। मगर वह कांठ रोड की ओर भाग गए। इसके बाद डॉ. महेंद्र सिंह भरु ने पुलिस को सूचना दी। चेन स्नेचिंग की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।

केस-एक
कटघर कोतवाली क्षेत्र के लाजपतनगर निवासी रितू टंडन प्रथमा बैंक में कार्यरत हैं। वह वर्तमान में गुलाबबाड़ी शाखा में तैनात हैं। वह 14 मई की शाम करीब साढ़े नौ बजे खाना खाकर घर के बाहर टहल रहीं थीं। तभी बाइक सवार युवक ने पीछे से झपट्टा मारकर उनकी चेन लूट ली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था मगर रिपोर्ट नहीं लिखी थी। बीते रविवार को महिला ने खुद ही आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। तब पुलिस ने आनन-फानन में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया था। सीओ का कहना था कि घटना के समय महिला ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया था।

केस-दो
पाकबड़ा थानाक्षेत्र के गांव मालीपुर निवासी दुर्वेंद्र धारीवाल नूरपुर में एक फर्म में सिक्योरिटी गार्ड है। रविवार रात फर्म में ड्यूटी करके वह स्कूटी से घर जा रहा था। पाकबड़ा क्षेत्र के गांव गिन्नौर देय माफी के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने उस पर लोहे की राड और तमंचे की बट से हमला करके घायल कर दिया था। इसके बाद सोने का कड़ा, अंगूठी और मोबाइल लूट कर ले गए थे। बदमाशों के हमले में घायल दुर्वेंद्र का अभी भी जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर बाइक सवार लुटेरों की तलाश कर रही है।

केस-तीन
मझोला थानाक्षेत्र के गांव ज्ञानपुर निवासी राजेंद्री देवी से 20 अप्रैल की तड़के 5:40 बजे खेत पर जा रही थी। तभी बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। पता पूछने के बहाने युवकों ने महिला को बातों में उलझा लिया। इस दौरान बदमाशों ने तमंचा दिखाकर राजेंद्री देवी के कुंडल लूट लिए। इस घटना के 20 मिनट बाद ही बदमाशों ने पाकबड़ा क्षेत्र में छजलैट के मलपुर खय्या निवासी शुगर मिल के पंप ऑपरेटर राम सिंह (55) को लूटने का प्रयास किया था। विरोध पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार कर घायल कर दिया था।

ये भी पढ़ें:- बिजनौर: सौतेले पिता ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, गिरफ्तार