हल्द्वानी: भटके युवाओं के मन में राष्ट्र भावना जगाकर भाजपा सरकार की पोल खोलेगी कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा’

हल्द्वानी: भटके युवाओं के मन में राष्ट्र भावना जगाकर भाजपा सरकार की पोल खोलेगी कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा’

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड में 2022 के विधानसभा चुनाव में भले ही कांग्रेस सत्ता में काबिज नहीं हो पाई हो लेकिन विपक्षी पार्टी के तौर पर कांग्रेस पूरी तरह से मैदान में खड़ी है। पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कार्यकर्ता भी जोश से लबरेज हैं। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया …

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड में 2022 के विधानसभा चुनाव में भले ही कांग्रेस सत्ता में काबिज नहीं हो पाई हो लेकिन विपक्षी पार्टी के तौर पर कांग्रेस पूरी तरह से मैदान में खड़ी है। पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कार्यकर्ता भी जोश से लबरेज हैं। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर ईडी की कार्रवाई का विरोध हो या फिर संसद में स्मृति ईरानी की बयानबाजी का, हर मोर्चे पर उत्तराखंड कांग्रेस पूरजोर विरोध दर्ज करा रही है।

बैठक में मौजूद हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेसी दिग्गज।

इन सबके बीच आजादी का 75 वें अमृत महोत्सव के बहाने कांग्रेस ने एक बार फिर खुद की जड़ों को मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और भाजपा सरकार की नीतियों की पोल खोलने के लिए भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। आज हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन की अध्यक्षता में कांग्रेस के तमाम दिग्गज और कार्यकर्ता एकजुट हुए।

इस दौरान आगामी नौ अगस्त से 15 अगस्त तक आयोजित भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि नौ अगस्त से राज्य के प्रत्येक जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता कम से कम 75 किलोमीटर पदयात्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के उद्देश्य खासकर युवाओं को कांग्रेस की नीतियों और आजादी के इतिहास से रूबरू कराना है। साथ ही भाजपा सरकार में बढ़ रही बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और भर्ती घोटालों के बारे में भी जनता को जागरुक किया जाएगा।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि आज के समय में देश को सांप्रदायिक ताकतों से दूर रखने और सर्व धर्म समभाव बनाने की जरुरत है। खासकर युवा पीढ़ी को भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा के तहत कांग्रेस द्वारा आजादी के लिए किए गए संघर्ष को याद दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज शोषित वंचित समाज में डर और भय का माहौल है ऐसे में भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से लोगों के बीच जाएंगे।

उत्तराखंड में इस यात्रा के संयोजक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस ने तय किया है कि हर जिले हर ब्लॉक में 75 किलोमीटर पैदल यात्रा निकलेगी। 15 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ वर्तमान समय की चुनौतियों पर संवाद किया जाएगा। इस मौके पर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत सिंह रावत, पूर्व सांसद महेंद्र पाल, पूर्व विधायक संजीव आर्य समेत तमाम कांग्रेसी दिग्गज और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ताजा समाचार