यूपी की अर्थव्यवस्था को बंधक बनाने की साजिश कर रही है भाजपा: अखिलेश यादव

यूपी की अर्थव्यवस्था को बंधक बनाने की साजिश कर रही है भाजपा: अखिलेश यादव

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को किसान विरोधी मानसिकता का बताते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार चंद पूंजीपतियों के हाथों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी बंधक बनाने की साजिश कर रही है। अखिलेश ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा पूंजीपति परस्त नीति के …

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को किसान विरोधी मानसिकता का बताते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार चंद पूंजीपतियों के हाथों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी बंधक बनाने की साजिश कर रही है। अखिलेश ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा पूंजीपति परस्त नीति के चलते ही इस वर्ष गेहूं की फसल की बिक्री क्रय केन्द्रों पर नहीं हुई। पांच बड़ी कम्पनियों ने किसानों से औने पौने दाम पर गेहूं खरीद लिया। अब कम्पनियां अपना मुनाफा कमाने के लिए महंगे दामों पर आटा बाजार में बेचेंगी। इससे आम आदमी प्रभावित हो रहा है।

भाजपा चंद पूंजीपतियों के हाथों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी बंधक बनाने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा और सरकार दोनों की मानसिकता किसान विरोधी है। किसानों की कीमत पर पूंजीघरानों का पोषण करने का उसका रिकॉर्ड जगजाहिर है। भाजपा सरकार द्वारा लाए गए तीन काले कृषि कानूनों के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान 700 से ज्यादा किसान शहीद हो गए।
लखीमपुर खीरी में केन्द्रीय राज्य मंत्री के बेटे ने किसानों पर जीप चढ़ा दी जिसमें कई किसान मरे।

इन सभी मामलों में भाजपा नेतृत्व पूरी तरह संवेदनशून्य बना रहा लेकिन लगता नहीं कि भाजपा सरकार ने इस सबसे कोई सबक सीखा हो। अखिलेश यादव ने कहा कि गन्ना किसानों का सहकारी चीनी मिलो पर अरबों रुपये बकाया है। खीरी की चीनी मिल पर गन्ना किसानों का 13 अरब रुपये बकाया है। भाजपा सरकार लगातार बकाया राशि के बारे में झूठ बोलती जा रही है। बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों में चीनी मिलों पर करोड़ों रूपये बकाया है। किसान बदहाली के शिकार हैं।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को कई धोखे दिए हैं। अपने पांच साल पुराने संकल्प-पत्र में किसानों की आय दुगनी करने का वादा किया था। वादा पूरा करने की अवधि 2022 थी। इस अवधि के 6 माह भी बीत रहे हैं पर अभी तक इस दावों की पूर्ति के कहीं कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों, गरीबों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। जनता का भाजपा सरकार की कुनीतियों के विरूद्ध दृढ़ता से प्रतिरोध जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव ने केशव देव मौर्य से वापस मांगी गिफ्ट की गई फॉर्च्यूनर, महान दल के गठबंधन तोड़ने से नाराज हुए हैं सपा अध्यक्ष