बरेली: क्या यूनीपोल और होर्डिंग्स लगाने का गठजोड़ जारी रहेगा

बरेली: क्या यूनीपोल और होर्डिंग्स लगाने का गठजोड़ जारी रहेगा

बरेली, अमृत विचार। शहर के चौराहों पर लगे होर्डिंग्स व यूनीपोल के नवीनीकरण का समय आ गया है। नगर निगम में होर्डिंग्स और यूनीपोल लगाने वाले लोग सक्रिय हो गए हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में शहर में नियम विरुद्ध् बांस और बल्लियों के सहारे होर्डिंग्स लगा दिए गए। कुछ सफेदपोश भी इस कार्य में लगे …

बरेली, अमृत विचार। शहर के चौराहों पर लगे होर्डिंग्स व यूनीपोल के नवीनीकरण का समय आ गया है। नगर निगम में होर्डिंग्स और यूनीपोल लगाने वाले लोग सक्रिय हो गए हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में शहर में नियम विरुद्ध् बांस और बल्लियों के सहारे होर्डिंग्स लगा दिए गए। कुछ सफेदपोश भी इस कार्य में लगे हैं, लेकिन इस बार नियमों का कितना पालन हो पाएगा।

ये तो वक्त ही बताएगा। फिलहाल, इसके लिए सर्वे शुरू हो गया है। शहर में चौराहों पर होर्डिंग्स व डिवाइडरों पर यूनीपोल लगे हैं। अधिकांश जगह इन्हें लगाने में नियमों की अनदेखी की गई है। अयूब खां चौराहा हो या चौपुला चौराहा। होर्डिंग्स लगाने की तय दूरी का पालन नहीं हो रहा। सेटेलाइट रोड पर डिवाइडरों पर लगे यूनीपोल का यही हाल है।

स्टेडियम रोड पर बीएसएनएल चौराहे के पास एक होर्डिंग को मेयर डा. उमेश गौतम ने खतरनाक तरीके से लगा बताया था। उन्होंने तो उसे हटाने का भी निर्देश दिया था, लेकिन वह अभी तक नहीं हटाया जा सका है। सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले एक ही व्यक्ति ने ठेका लेने के लिए चार लोगों के नाम टेंडर डाले थे।

यह चारों उसी व्यक्ति के रिश्तेदार थे। शिकायत की गई तो मेयर ने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर जांच कराने को कहा था।
नगर निगम में कुछ सफेदपोश भी विज्ञापन एजेंसी चलाने का काम कर रहे हैं। यह प्रत्यक्ष रूप से तो नहीं लेकिन पत्नी, भाई या अन्य रिश्तेदार के नाम से एजेंसी चलाकर अपने संबंधों का इस्तेमाल कर होर्डिंग्स और यूनीपोल लगवाने का काम कर रहे हैं।

होर्डिंग्स व यूनीपोल लगवाने में यह निगम में पैसा भी जमा करते हैं लेकिन इनके मामलों में नियम और तय दूरी के मानकों की अनदेखी कर दी जाती है। इस पर अफसर भी मौन रहते हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में यह खेल खूब चला और अवैध होर्डिंग्स-यूनीपोल लगाने का मामला भी निगम में कई बार उछला। बताते हैं कि चौराहों पर 30 मीटर की दूरी पर होर्डिंग्स लगने चाहिए।जबकि डिवाइडर पर लगने वाले यूनीपोल के लिए 80 मीटर की दूरी पर ही दूसरा यूनीपोल पर विज्ञापन लगा होना चाहिए।

बांस-बल्लियों पर होर्डिंग लगाने वालों पर लगेगा अंकुश

योगी-2 सरकार में नगर विकास मंत्री नए हैं। अब माना जा रहा है कि इस कार्यकाल में पहले जैसी अनियमितता शायद ही चल पाए। ऐसे में सफेदपोशों को जो छूट नियमों की अनदेखी करके मिल रही थी, वह शायद ही मिल पाए। शहर में बांस बल्लियों पर लगे होर्डिंग्स लगाकर प्रचार करने वालों पर भी अकुंश लग सकेगा। जिनकी शह पर यह लगते आ रहे थे वे भी संभल कर चलेंगे। माना जा रहा है कि नए वित्तीय वर्ष में पुराने जैसा नहीं रहेगा।

सर्वे का काम शुरू हो गया है। सूची तैयार हो गई है। नियम संगत कार्य ही किए जाएंगे। बांस-बल्ली पर लगे होर्डिंग्स की भी जांच की जाएगी। नवीनीकरण का काम नए वित्तीय वर्ष में किया जाएगा। — विवेक त्रिपाठी- विज्ञापन प्रभारी/सहायक नगर अधिकारी

ये भी पढ़ें-

बरेली: सिपाही से मारपीट की जांच करने जंक्शन पहुंचे सीओ जीआरपी