बरेली: जमीन विवाद में डेयरी संचालक ने मजदूर को मारी गोली

बरेली: जमीन विवाद में डेयरी संचालक ने मजदूर को मारी गोली

बिथरी चैनपुर, अमृत विचार। जमीन विवाद के चलते एक डेयरी संचालक ने गांव के ही एक मजदूर को साथियों के साथ मिलकर गोली मार दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची बिथरी पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं देर रात तक परिजनों की ओर से आरोपियों के खिलाफ कोई तहरीर …

बिथरी चैनपुर, अमृत विचार। जमीन विवाद के चलते एक डेयरी संचालक ने गांव के ही एक मजदूर को साथियों के साथ मिलकर गोली मार दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची बिथरी पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं देर रात तक परिजनों की ओर से आरोपियों के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई थी।

बिथरी चैनपुर क्षेत्र के गांव चंद्रपुर बिचपुरी के रहने वाले देशराज गांव में ही मजदूरी करते हैं। जमीन विवाद के चलते गांव के ही कुछ दबंगों उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया। उनके भाई हरेंद्र ने बताया कि करीब चार साल पहले गांव में ही रहने वाले मुश्ताक से 100 गज का एक प्लॉट खरीदा था। भविष्य में प्लॉट में घर बनवाने के इरादे से देशराज ने प्लॉट खाली छोड़ रखा था। एक साल पहले देशराज मजदूरी के लिए देहरादून चले गए थे और उनकी पत्नी मीना बेटी मोनी के साथ मायके में रहने लगी थीं।

आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही एक डेयरी संचालक और उसके बेटों ने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर देशराज के प्लॉट पर कब्जा कर लिया और उनकी जमीन में दरवाजा भी निकाल दिया। कब्जे की सूचना मिलने पर देशराज एक साल बाद गांव वापस लौटे तो करीब 15 दिन पहले आरोपियों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कई बार चौकी व थाने में पंचायत भी हुई लेकिन कोई हल नहीं निकला। आरोप है कि गुरुवार को देशराज डोहरा की बाजार से सब्जी लेकर पैदल घर जा रहे थे।

रास्ते में स्थित एक बगिया में डेयरी संचालक अपने बेटों और साथी के साथ घात लगाकर बैठा था, मौके मिलते ही सड़क से खींचकर आरोपी देशराज को बगिया में ले गए और मारपीट करते हुए गोली मार दी। गोली देशराज के बांयी जांघ मे लगी। फायरिंग की आवाज पर स्थानीय लोग एकत्र हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे बिथरी इंस्पेक्टर अशोक कुमार शर्मा ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं परिजनों की ओर से देर रात तक डेयरी संचालक और उसके साथियों के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई। परिजनों ने शुक्रवार को कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।

घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जायगी– अशोक कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर, बिथरी चैनपुर

ताजा समाचार