बदायूं: कार की टक्कर से साइकिल सवार दो मजदूरों की मौत

बदायूं: कार की टक्कर से साइकिल सवार दो मजदूरों की मौत

सहसवान, अमृत विचार। मजदूरी करके घर लौट रहे साइकिल सवार दो लोगों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। चालक कार छोड़कर फरार हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने राजमार्ग पर जाम लगा दिया। सीओ अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची …

सहसवान, अमृत विचार। मजदूरी करके घर लौट रहे साइकिल सवार दो लोगों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। चालक कार छोड़कर फरार हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने राजमार्ग पर जाम लगा दिया। सीओ अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने कार और शवों को कब्जे में ले लिया है।

कोतवाली सहसवान क्षेत्र के गांव रेलई माधोपुर निवासी चंद्रपाल और उपदेश सहसवान में मजदूरी करने आए थे। बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे बदायूं-मेरठ राजमार्ग से होकर साइकिल से अपने घर वापस आ रहे थे। गांव खंदक के पास सड़क पार करने के दौरान बदायूं की ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार ने साइकिल को टक्कर मार दी।

टक्कर मारने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। दोनों श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ ही समय में मौके पर दम तोड़ दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने कार चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए राजमार्ग पर जाम लगाया। सूचना मिलने पर सीओ अनिरुद्ध सिंह सहसवान, मुजरिया, बिल्सी, जरीफनगर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि साइकिल और श्रमिक कार में फंसकर लगभग सौ मीटर तक घिसटते चले गए। सीओ के समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने कार व शवों को कब्जे में ले लिया। कोतवाल पंकज लवानिया ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कार चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करके कार्रवाई की जाएगी।