अयोध्या: आफत बनी बारिश, किसानों में छाई मायूसी… प्रशासन ने किया अलर्ट

अयोध्या: आफत बनी बारिश, किसानों में छाई मायूसी… प्रशासन ने किया अलर्ट

अयोध्या। जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही बरसात ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सुहाना मौसम देख एक तरफ शहरवासी थोड़ा खुश हैं। वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण इलाकों के किसानों में मायूसी छा गई है। उनकी फसलें चौपट हो रही हैं। इधर, सब्जियों के दामों में बेतहाशा वृद्धि होने से भी लोग परेशान …

अयोध्या। जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही बरसात ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सुहाना मौसम देख एक तरफ शहरवासी थोड़ा खुश हैं। वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण इलाकों के किसानों में मायूसी छा गई है। उनकी फसलें चौपट हो रही हैं। इधर, सब्जियों के दामों में बेतहाशा वृद्धि होने से भी लोग परेशान हो गए हैं। व्यापार में भी खासा नुकसान होने का अनुमान है। साथ ही सरयू नदी में छोड़े गए पानी को लेकर प्रशासन ने बाढ़ का अलर्ट भी जारी किया है।

लगातार तीन दिनों से हो रही बरसात के कारण जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग की मानें तो जनपद में अब तक 30 से 35 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मंगलवार को सुबह से ही तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई थी। कभी तेज तो कभी धीमी। दोपहर को बादलों की ओट से एक बार सूर्य देव ने दर्शन दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद इंद्र देव फिर से बारिश शुरू कर दी। शाम होते-होते बारिश ने जोर पकड़ लिया था। देर शाम तक बादल छाये हुए थे। छुट्टी का दिन होने की वजह से लोग घरों में ही बैठकर बारिश का आनंद लेते रहे। वहीं जलभराव के कारण जगह-जगह गंदगियां फिर से व्याप्त हो गई हैं।

आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के प्रमुख सीताराम की मानें तो मंगलवार को 6.4 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। आगामी 24 घंटे में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने एवं हल्की सी मध्यम वर्षा होने की संभावना है। हवा सामान्य व सामान्य से तेज गति से पूर्वी चलने का अनुमान है। उधर, बारिश के कारण किसानों की कमर टूट गई है। जगह-जगह खेतों में पानी भर जाने से उनकी फसलें तबाह हो गई हैं। धान और गन्ने की फसलें ज्यादा प्रभावित हुई हैं। किसान मांग कर रहे हैं कि उनकी फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा दिया जाए। बरसात के कारण जनपद में सब्जियों के भाव भी बढ़ गए हैं। भिंडी, टमाटर, लौकी, कद्दू व गोभी समेत कई सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं।

बारिश के कारण कई कार्यक्रम व व्यापार प्रभावित

लगातार हो रही बरसात के कारण जिले में कई निजी कार्यक्रम प्रभावित हुए हैं। इसके साथ ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या का अयोध्या दौरा भी स्थगित हो गया। साथ ही जिले का व्यापार भी काफी प्रभावित हुआ है। त्योहार पड़ने के बावजूद बाजार गुलजार नहीं रही।

सरयू में बढ़ा जलस्तर, किनारे बसे लोगों को किया सतर्क

लगातार हो रही बरसात व सरयू नदी में नेपाल बैराज से छोड़े गए 4:50 लाख क्यूसेक जल के कारण बाढ़ पीड़ितों को हर पल सतर्क रहना होगा। रामपुर पुवारी माझा के मदरहिया मजरे में बाढ़ के प्रभाव का निरीक्षण करने पहुंचे सदर तहसीलदार विजय कुमार ने बाढ़ पीड़ितों को सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी समय एकाएक सरयू नदी में जलस्तर बढ़ सकता है। बाढ़ पीड़ित गांव मदरहिया, सलेमपुर, पिपरी संग्राम, सेवरहवा, उरदाहवा, गिलन्ट, लोनियाना, माझा मडना, धनयी का पुरवा, गुप्तार का पुरवा, मूडाडीहा, रामपुर पुवारी माझा गांव में पानी भरने का खतरा उत्पन्न हो गया है।

नदी के किनारे बसे लोग पहले से ही अपने सामान समेट कर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। तहसीलदार सदर के साथ लेखपाल राम फकीरे, ग्राम प्रधान रमेश निषाद व सोहनलाल मौजूद थे। ग्राम प्रधान रमेश निषाद ने बाढ़ पीड़ितों के दुख दर्द से तहसीलदार को अवगत कराया। विजय कुमार ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों की सुरक्षा के लिए नाव की व्यवस्था पहले से ही कर दी जा रही है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर बाढ़ पीड़ित सुरक्षित स्थानों पर जा सके।