अयोध्या: 44 केंद्रों पर आठ दिन बीतने के बाद भी नहीं शुरू हुई धान खरीद

अयोध्या: 44 केंद्रों पर आठ दिन बीतने के बाद भी नहीं शुरू हुई धान खरीद

अयोध्या। जनपद में अधिकांश धान क्रय केंद्र संचालित न होने के कारण किसानों में ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। उन्हें धान बेचने में काफी दिक्कत हो रही है। अब थक हारकर किसानों को औने-पौने धान बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है।  किसानों की दुर्दशा पर प्रशासन भी ध्यान नहीं दे रहा है। जनपद …

अयोध्या। जनपद में अधिकांश धान क्रय केंद्र संचालित न होने के कारण किसानों में ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। उन्हें धान बेचने में काफी दिक्कत हो रही है। अब थक हारकर किसानों को औने-पौने धान बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है।  किसानों की दुर्दशा पर प्रशासन भी ध्यान नहीं दे रहा है।

जनपद में कुल 44 क्रय केंद्र संचालित करने की व्यवस्था की गई है, जिसमें 12 क्रय केंद्र विपणन शाखा, 18 क्रय केंद्र पीसीएफ ,10 क्रय केंद्र पीसीयू, 03 क्रय केंद्र यूपीएसएस, 1 क्रय केंद्र भारतीय खाद्य निगम का संचालित होना है, लेकिन जिला खाद्य विपणन अधिकारी की लापरवाही के कारण 8 दिन बीत जाने के बाद भी एक भी क्रय केंद्र संचालित नहीं हो पाए हैं और न ही धान की खरीद हो पाई है।

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सचिव घनश्याम वर्मा ने बताया कि पूरे जिले का भ्रमण करने के बाद कहीं किसी धान क्रय केंद्र पर न तो बैनर लगा है न कांटा लगाया गया है, जिसके कारण धान की खरीद नहीं हो पा रही है। सरकार का दावा पूरी तरह से खोखला साबित हो रहा है।

घनश्याम वर्मा ने बताया कि सोमवार को सुबह से ही डिप्टी आरएमओ से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन उनका फोन नंबर नहीं उठ रहा। कार्यालय में भी नहीं हैं। जिला धान खरीद अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त के स्टेनोग्राफर के पास धान क्रय केंद्रों की सूची तक उपलब्ध नहीं है, जिस कारण किसान बहुत परेशान हैं और अपनी आवश्यकता की पूर्ति करने के लिए अपने धान को औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अभिलंब सुचारु रूप से क्रय केंद्रों पर धान की खरीद प्रारंभ नहीं की जाती तो किसान अपने धान को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचेंगे।