हल्द्वानी: अब जाति बताकर मिलेगा सरकारी राशन
नरेन्द्र देव सिंह, हल्द्वानी। सरकारी राशन लेने के लिए अब राशन कार्ड धारकों को अपनी जाति की जानकारी देनी होगी। राशन कार्ड में इस जानकारी को अपडेट किया जाएगा। ऐसा नहीं करने पर राशन कार्ड में कोई भी नया काम नहीं होगा और न ही राशन मिलेगा। राज्य सरकार ने राशन कार्ड धारकों के लिए …
नरेन्द्र देव सिंह, हल्द्वानी। सरकारी राशन लेने के लिए अब राशन कार्ड धारकों को अपनी जाति की जानकारी देनी होगी। राशन कार्ड में इस जानकारी को अपडेट किया जाएगा। ऐसा नहीं करने पर राशन कार्ड में कोई भी नया काम नहीं होगा और न ही राशन मिलेगा।
राज्य सरकार ने राशन कार्ड धारकों के लिए नया आदेश जारी किया है।
जिस तरह से राशन कार्ड के लिए अन्य जानकारियां देनी होतीं हैं वैसे ही अब जाति की भी जानकारी देनी होगी। इसके लिए संबधित कार्यालय से बना हुआ जाति प्रमाण पत्र लेकर जाना होगा और जानकारी अपडेट करानी होगी। नए राशन कार्ड या राशन कार्ड में किसी भी नई तब्दीली को लेकर जाति का जानकारी देना अनिवार्य कर दिया गया है।
इसके बाद ही आगे की कोई कार्यवाही होगी। हालांकि अभी पुराने राशन कार्डों पर राशन मिलता रहेगा लेकिन जल्द ही उन्हें भी जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। ऐसा केवल अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लिए ही नहीं बल्कि सामान्य जाति के लोगों को भी अपना जाति प्रमाण पत्र दिखाना होगा। सरकार के इस नए फैसले से राशन कार्ड धारकों के लिए एक और बोझ बढ़ गया है।
जन्मतिथि का भी प्रमाण दिखाना अनिवार्य
जाति प्रमाण पत्र के साथ ही अब जन्म तिथि का भी प्रमाण दिखाना होगा। इसके लिए आधारकार्ड में उल्लेखित जन्मतिथि नहीं चलेगी। पेन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, हाईस्कूल की मार्कशीट, ड्राइवरिंग लाइसेंस जैसे प्रमाण पत्र ही मान्य होंगे। परिवार के मुखिया के अलावा अन्य सदस्यों की भी जन्मतिथि का प्रमाण दिखाना होगा।
अगस्त माह का अतिरिक्त राशन नहीं पहुंचा
एपीएल राशन कार्ड धारकों को अतिरिक्त राशन देने से सरकार ने अब हाथ पीछे खींच लिए हैं। अगस्त माह का अतिरिक्त राशन इस बार नहीं पहुंचा है। इस बार एपीएल राशन कार्ड धारकों को पहले की तरह अतिरिक्त राशन नहीं मिलेगा। सरकार की ओर से कोरोनाकाल में एपीएल राशन कार्ड धारकों को साढ़े सात किलो चावल और दस किलो गेंहू अतिरिक्त दिया जा रहा था। इसके साथ ही दो किलो सस्ती चीनी भी दी जा रही थी। अगस्त माह के लिए अतिरिक्त राशन गोदामों में नहीं पहुंचा है। इस बार लोगों को केवल पांच किलो गेंहू और ढाई किलो चावल ही मिलेगा।
