अमरोहा: दूसरे दिन भी ठप रही 108-102 एंबुलेंस सेवा, भटके मरीज और तीमारदार

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमरोहा। मंगलवार को दूसरे दिन भी एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल जारी रही। सरकार द्वारा एएलएस एंबुलेंस से कर्मचारियों के हटाए जाने के विरोध में दूसरे दिन भी चालकों ने कार्य बहिष्कार किया। कर्मियों ने समायोजन समेत अपनी अन्य मांगों को लेकर जिले की 108-102 एंबुलेंस खड़ी कर हड़ताल जारी रखने की बात कही। वहीं अस्पतालों …

अमरोहा। मंगलवार को दूसरे दिन भी एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल जारी रही। सरकार द्वारा एएलएस एंबुलेंस से कर्मचारियों के हटाए जाने के विरोध में दूसरे दिन भी चालकों ने कार्य बहिष्कार किया। कर्मियों ने समायोजन समेत अपनी अन्य मांगों को लेकर जिले की 108-102 एंबुलेंस खड़ी कर हड़ताल जारी रखने की बात कही। वहीं अस्पतालों में मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रांतीय आह्वान पर जिले में सरकारी एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल जारी है। मंगलवार को दूसरे दिन भी एंबुलेंस खड़ी कर चालक और परिचालकों ने अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। जिले में संचालित सभी 43 108 व 102 एंबुलेंस पर तैनात कर्मियों ने कार्य बहिष्कार किया। एंबुलेंस कर्मियों ने कहा कि सरकार प्रदेश के एएलएस एंबुलेंस पर कार्यरत 1000 कर्मचरियों को हटाना चाह रही है।

जिसके विरोध में यह हड़ताल जारी है। एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल से मरीजों का परेशानियों का सामना करना पड़ा। घंटों तक मरीजों को अस्पताल ले जाने को लेकर प्राइवेट वाहन या प्राइवेट एंबुलेंस के चक्कर में तीमारदार परेशान रहे। जिला अस्पताल में चिकित्सकों को मरीजों को रेफर करने में परेशानी उठानी पड़ी।

जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी और पीएचसी पर तीमारदारों को मरीजों को लाने व ले जाने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों और घायलों को लेकर अधिक परेशानी रही। एंबुलेंस चालकों ने कहा कि जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश आहवान पर एंबुलेंस कर्मी हड़ताल पर हैं। प्राइवेट एंबुलेंस की व्यवस्था करा कर आपातकालीन सेवाओं को जारी रखा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ कुछ एंबुलेंस कर्मियों से वार्ता की जा रही है। उम्मीद है जल्द ही हड़ताल खत्म होगी।

संबंधित समाचार