बरेली: गन्ने के खेत में मिला महिला का निर्वस्त्र शव, दुष्कर्म की आशंका

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नवाबगंज/बरेली, अमृत विचार। घास काटने गयी करीब 50 वर्षीय महिला का निर्वस्त्र शव गन्ने के खेत में मिला है। उसकी गला दबाकर हत्या की गयी है। गले को दबाने के निशान मिलने के साथ चुन्नी भी कसी मिली है। दुष्कर्म की आशंका जतायी गयी है। लाईखेड़ा रोड से करीब 25 मीटर दूर खेत में शव …

नवाबगंज/बरेली, अमृत विचार। घास काटने गयी करीब 50 वर्षीय महिला का निर्वस्त्र शव गन्ने के खेत में मिला है। उसकी गला दबाकर हत्या की गयी है। गले को दबाने के निशान मिलने के साथ चुन्नी भी कसी मिली है। दुष्कर्म की आशंका जतायी गयी है। लाईखेड़ा रोड से करीब 25 मीटर दूर खेत में शव मिला। फॉरेंसिंक टीम और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच की। डॉग स्क्वॉड से हत्यारोपी तक पहुंचने की कोशिश की गयी लेकिन कोई भी सुबूत हाथ नहीं लगा। महिला के पति से पूछताछ के बाद पुलिस हत्यारोपी तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।

थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला तीन अन्य महिलाओं के साथ शनिवार की सुबह 9 बजे जंगल में घास काटने गई थी। चारों महिलाएं घास काटते-काटते अलग-अलग हो गईं। आशंका जतायी गयी है कि महिलाओं से अलग होने के दौरान महिला को हत्यारोपी गन्ने के खेत में खींचकर ले गया और दुष्कर्म के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।

इधर महिला दोपहर 2 बजे तक घर नहीं पहुंची तो पति ने तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में शव देख पति को सूचना दी। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में निर्वस्त्र शव मिला। पुलिस ने प्राथमिक जांच में गला दबाकर हत्या करने और दुष्कर्म की आशंका जताई है। महिला की चुन्नी उसके गले में कसी मिली। जबकि सूट-सलवार घटनास्थल से काफी दूर बरामद मिले। घटनास्थल पर हत्यारोपी और महिला के संघर्ष के निशान भी मिले हैं। एसएसआई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के पति की ओर से हत्या की तहरीर मिल गयी है। हत्यारोपी तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।

“महिला के गले को दबाने के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या होने की बात सामने आयी है। दुष्कर्म होने जैसे कोई भी साक्ष्य मौके पर नहीं मिले हैं। महिला के साथ गयी तीन अन्य महिलाओं से पूछताछ में कुछ क्लू मिले हैं। जिन पर पुलिस टीमें छानबीन कर रही हैं।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार