हल्द्वानी: सम्मान यात्रा से सैन्यधाम को साधने की तैयारी

हल्द्वानी, अमृत विचार। भाजपा सरकार राज्य में सम्मान यात्रा के जरिये सैनिक परिवारों को साधने की तैयारी कर रही है। पहली सितंबर से शहीदों, सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान में यात्रा शुरू हो जाएगी। यह यात्रा शहीदों, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों के घर-घर जाकर उनका सम्मान करेगी। इस यात्रा के जरिये सरकार सीधे …
हल्द्वानी, अमृत विचार। भाजपा सरकार राज्य में सम्मान यात्रा के जरिये सैनिक परिवारों को साधने की तैयारी कर रही है। पहली सितंबर से शहीदों, सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान में यात्रा शुरू हो जाएगी। यह यात्रा शहीदों, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों के घर-घर जाकर उनका सम्मान करेगी। इस यात्रा के जरिये सरकार सीधे सैनिक परिवारों से संवाद करेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैन्य बाहुल्य राज्य में सैनिकों के सम्मान के लिए यात्रा आयोजित करने का एलान किया है। दरअसल सैन्य परिवारों से सीधे जुड़ाव के लिए सरकार ने सम्मान यात्रा निकालने की योजना तैयार की है। इसके तहत सम्मान यात्रा राज्य में रह रहे हर सैनिक परिवार तक जाएगी।
इस दौरान विश्व युद्ध से लेकर आज तक हुए शहीदों, सैनिकों, पूर्व सैनिकों को देश के प्रति दिए गए योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। वीर नारियों को विशेषकर सम्मानित किया जाएगा। सैनिक सम्मान यात्रा का शुरूआत पहली सितबंर से होगा। सैन्य बाहुल्य जिला पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट और चमोली के सवाड़ से एक साथ यात्रा शुरू होगी। राज्य भर में जगह-जगह यात्रा सम्मान कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सैनिक अधिकारियों के साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
चल रहा सैनिक परिवारों के चिन्हीकरण का काम
हल्द्वानी। सम्मान यात्रा से पहले राज्य में सैनिक परिवारों के चिन्हीकरण का काम चल रहा है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि अभी तक 60 फीसदी चिन्हीकरण का काम हो गया है। अगस्त तक राज्य में रह रहे सभी सैनिक परिवारों को चिन्हित कर लिया जाएगा। सरकार सभी सैनिक परिवारों के घर तक पहुंचेगी।
सैनिक सम्मान यात्रा रूट पर भी चल रहा मंथन
हल्द्वानी। राज्य में सैनिक सम्मान यात्रा के रूट को लेकर मंथन चल रहा है। हालांकि यह तय हो गया है कि पिथौरागढ़ और चमोली से यात्रा का एक साथ शुभारंभ किया जाएगा। यात्रा अलग-अलग कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र का भ्रमण करेगी। सैनिक कल्याण मंत्री ने बताया कि यात्रा के रूट को लेकर अधिकारियों के साथ मंथन किया जा रहा है।