बरेली: गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए खोद डाली कॉलोनी की सड़कें

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी में नगर निगम एक तरफ सड़कों के निर्माण कर रहा है, वहीं कई विभागों के ठेकेदार इसे बर्बाद करने पर तुला है। आईवीआरआई रोड स्थित पॉश इलाके मंडल विहार कॉलोनी में घरेलू गैस की पाइप लाइन बिछाने के लिए कई सड़कों को खोदा गया है। स्थानीय पार्षद की शिकायत के …

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी में नगर निगम एक तरफ सड़कों के निर्माण कर रहा है, वहीं कई विभागों के ठेकेदार इसे बर्बाद करने पर तुला है। आईवीआरआई रोड स्थित पॉश इलाके मंडल विहार कॉलोनी में घरेलू गैस की पाइप लाइन बिछाने के लिए कई सड़कों को खोदा गया है। स्थानीय पार्षद की शिकायत के बाद नगर निगम के एक जेई ने मौके पर जाकर यह काम करा रहे ठेकेदार का सामान जब्त कर लिया है।

पार्षद का कहना है कि नगर निगम से एनओसी लिए बगैर ही उनकी सड़कों को खोदा जा रहा है। इससे निगम का नुकसान होने के साथ ही जनता को भी काफी परेशानी हो रही है। इससे पहले गैस लाइन बिछा रही फर्म पर नगर निगम ने 50 हजार का जुर्माना भी लगाया था। बताते हैं कि उसे भी अब तक जमा नहीं किया गया है।

नगर निगम की सड़कों को मनमाने तरीके से खोदे जाने के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। राजेंद्रनगर के पार्षद सतीश चंद्र कातिब ने मेयर के साथ नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की है कि सीयूजीएल कंपनी गैस पाइप लाइन बिछाने का काम ठेकेदारों के माध्यम से करा रही है। ठेकेदार ने आईवीआरआई रोड पर मंडल विहार कॉलोनी में घरेलू गैस की पाइप बिछाने के लिए तमाम सड़कों को मनमाने ढंग से खोद डाला। पार्षद ने मेयर डॉ. उमेश गौतम, नगर आयुक्त अभिषेक आनंद को शिकायत भेजी कि ठेकेदार की मनमानी से नगर निगम की सड़क बर्बाद हो गई है। इससे सरकारी राशि को नुकसान होने के साथ ही कॉलोनी के लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

पार्षद का कहना है कि शिकायत के बाद नगर निगम के जेई राजीव शर्मा ने मौके पर पहुंचकर ठेकेदार के सामान को जब्त कर लिया है। पार्षद का कहना है कि कंपनी के ठेकेदारों की करीब सात-आठ महीने पहले भी इसी तरह की लापरवाही सामने आई थी। उस समय नगर निगम ने कंपनी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था लेकिन कंपनी ने अब तक जुर्माने की यह रकम जमा नहीं की है।

आदर्श सड़क की मरम्मत का काम भी अधूरा
स्मार्ट सिटी के तहत हनीवेल नामक कंपनी ने राजेंद्र नगर में 4.5 करोड़ रुपये से बनी आदर्श रोड को भी सीसीटीवी कैमरे को लगाने के लिए खोद डाला था। इससे इस सड़क को कई जगहों पर नुकसान पहुंचा था। मामला नगर निगम के उच्चाधिकारियों तक पहुंचा लेकिन कोई कार्रवाई न होने से रोड की मरम्मत का काम अब तक अधूरा है।

इनकी सुनिए

गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए मनमाने तरीके से सड़कों को खोद कर नुकसान पहुंचाया जा रहा है। पूर्व में भी इसकी शिकायत अधिकरियों को की जा चुकी है लेकिन कंपनी नहीं मान रही है। -सतीश चंद्र कातिब मम्मा, पार्षद, राजेंद्र नगर

यह मामला गंभीर है। इसकी जानकारी लेकर जो भी स्थिति होगी, उसे देखते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। सड़कों को बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। -बीके सिंह, चीफ इंजीनियर, नगर निगम

इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। इसे दिखवाता हूं। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। नियमानुसार जो भी होगा, कार्रवाई की जाएगी।
-मंसूर अली, एरिया मैनेजर, सीयूजीएल

संबंधित समाचार