बरेली: बीडीसी सदस्यों की घेराबंदी, दिल्ली-उत्तराखंड घुमाया जा रहा
बरेली, अमृत विचार। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा के साथ ही जनपद में ब्लॉक प्रमुखी को लेकर सरगर्मी बढ़ गयी है। ब्लॉक प्रमुख के चुनाव की घोषणा तो जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव संपन्न होने के बाद होगी। लेकिन, ब्लॉक प्रमुखी के दावदोरों ने सदस्यों को जोड़तोड़ करके घेरना शुरू कर दिया है। जनपद …
बरेली, अमृत विचार। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा के साथ ही जनपद में ब्लॉक प्रमुखी को लेकर सरगर्मी बढ़ गयी है। ब्लॉक प्रमुख के चुनाव की घोषणा तो जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव संपन्न होने के बाद होगी। लेकिन, ब्लॉक प्रमुखी के दावदोरों ने सदस्यों को जोड़तोड़ करके घेरना शुरू कर दिया है।
जनपद में 15 ब्लॉकों में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की खूब खातिरदारी हो रही है। भाजपा के ब्लॉक प्रमुख के दावेदार सदस्यों को दिल्ली, उत्तराखंड की सैर करा रहे हैं। एक दो दिन नहीं, पूरे 15 दिनों के सैर सपाटे पर सदस्यों को लेकर गए हैं। शुक्रवार को भोजीपुरा ब्लॉक के पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगेश पटेल भी अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए 40 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को फ्लाइट से दिल्ली लेकर गए।
दिल्ली के प्रमुख स्थानों पर सदस्यों को घुमाने के बाद सदस्यों को उत्तराखंड की वादियों में लेकर जाएंगे। हरिद्वार, देहरादून, मसूरी समेत अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में 15 दिन बिताएंगे। भोजीपुरा ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत सदस्य के 99 पद हैं। जिसके कब्जे में 50 सदस्य हैं, उसका ब्लॉक प्रमुख बनना तय है। शुक्रवार दोपहर बरेली एयरपोर्ट पहुंचे सदस्यों ने फ्लाइट में बैठने से पहले फोटो खींचे। सदस्यों ने कई फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल किया।
बताते हैं कि 21 जून को दूसरी शिफ्ट में 30 और सदस्यों को सैर सपाटे पर लेकर जाया जाएगा। जनपद के क्यारा, बिथरी चैनपुर, बहेड़ी, शेरगढ़, दमखोदा, फरीदपुर, भुता, नवाबगंज, भदपुरा, मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी, आलमपुर जाफराबाद, मझगवां और रामनगर ब्लॉक में भी चुनाव को लेकर अभी से दावेदारों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
