पांच राज्यों में कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग जारी, मोदी ने की रिकॉर्ड मतदान करने की अपील
नई दिल्ली। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंगलवार सुबह तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, केरल और पुड्डुचेरी में मतदान जारी है। तमिलनाडु में आज सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 232 सीटों पर मतदान शुरू हो गया। कांग्रेस नेता पी चिंदबरम ने कंदनूर विधानसभा में मतदान किया। अभिनेता अजीत ने पत्नी के साथ अपने …
नई दिल्ली। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंगलवार सुबह तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, केरल और पुड्डुचेरी में मतदान जारी है। तमिलनाडु में आज सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 232 सीटों पर मतदान शुरू हो गया। कांग्रेस नेता पी चिंदबरम ने कंदनूर विधानसभा में मतदान किया। अभिनेता अजीत ने पत्नी के साथ अपने निर्वाचन क्षेत्र में मतदान किया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से रिकॉर्ड मतदान करने की अपील की है।
केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी की 30 सीटों के लिए भी मतदान हो रहा है। वहीं पश्चिम बंगाल में तीसरे चरण के लिए 31 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा। असम में तीसरे और अंतिम चरण के लिए 40 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। तमिलनाडु, केरल और पुड्डुचेरी में एक ही चरण में मतदान है। जबकि बंगाल में आठ चरणों में मतदान होना है तथा असम में तीसरे और अंतिम चरण का आज मतदान हो रहा है।
बंगाल विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में तीन जिलों हावड़ा, हुगली और दक्षिण 24 परगना की 31 सीटों पर कुल 205 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस चरण के लिए गत 12 मार्च को अधिसूचना जारी की गयी थी। तीसरे चरण के मतदान में दक्षिण 24 परगना जिले की 16 सीटों, हुगली की आठ तथा हावड़ा की सात सीटें शामिल हैं। बंगाल में पिछले विधानसभा चुनाव में इन 31 सीटों में से 30 पर तृणमूल कांग्रेस जीती थी। सिर्फ आमता सीट पर कांग्रेस की जीत हुई थी, हालांकि इस बार मुकाबला कड़ा है।
भारतीय जनता पार्टी, तृणमूल के लिए बड़ी प्रतिद्वंद्वी के तौर पर उभरी है। तीसरे चरण में कुल 78,52,425 मतदाता 10,871 बूथों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। तीसरे चरण में केंद्रीय बलों की सबसे ज्यादा तैनाती दक्षिण 24 परगना जिले में की जाएगी जहां की कई विधानसभा सीटें बेहद संवेदनशील मानी गयी हैं।
तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही है जबकि प्रमुख विपक्षी द्रमुक के साथ मिलकर कांग्रेस चुनाव में है। क्षेत्रीय पार्टियों के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रहीं राष्ट्रीय पार्टियों के लिए इस राज्य का चुनाव भी प्रतिष्ठा का प्रश्न बना हुआ है।
केरल में आज सुबह मतदान केन्द्रों पर लोग अपनी पारी का इंतजार करते देखे गए। यहां 27 लाख मतदाता हैं। यहां की 140 सीटों पर सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के बीच कड़ा मुकाबला है। पुड्डुचेरी के 30 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 324 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं तथा वहां भी भाजपा नीत मोर्चा का कांग्रेस नीत गठबंधन से मुकाबला है। असम में 126 विधानसभा सीटें हैं।
पिछले चुनाव में भाजपा 89 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और 60 सीटें जीती थीं। असम गण परिषद ने 30 सीटों पर चुनाव लड़कर 14 सीटें और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट ने 13 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 जीती थीं। कांग्रेस ने 122 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सिर्फ 26 सीटों पर कब्जा किया था। यहां बहुमत के लिए 64 सीटें चाहिए। पुड्डुचेरी एक केंद्र शासित प्रदेश है और यहां विधानसभा की कुल 30 सीटें हैं। कुछ दिन पहले ही यहां वी नारायणसामी नीत कांग्रेस-द्रमुक गठबंधन की सरकार गिर गई थी।
पिछले चुनाव में कांग्रेस ने 21 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 15 सीटें जीती थीं। ऑल इंडिया एन आर कांग्रेस ने 30 सीटों पर चुनाव लड़कर सिर्फ आठ सीटें जीती थीं। निर्दलीय एवं अन्य के खातों में सात सीटें गई। यहां बहुमत के लिए 16 सीटें चाहिए। केरल में विधानसभा की 140 सीटें हैं।
वर्तमान में यहां मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी नेता पिनारायी विजयन के नेतृत्व वाले वाम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) की सरकार है। पिछले चुनाव में एलडीएफ को 91 और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) को 47 सीटें मिली थीं। यहां बहुमत के लिए 71 सीटें चाहिए। चारों राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी में एक साथ दो मई को वाेटों की गिनती होगी।
मोदी ने मतदाताओं से रिकार्ड संख्या में मतदान की अपील की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के विभिन्न चरणों के तहत मंगलवार को हो रहे मतदान में लोगों से रिकार्ड संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने ट्वीट किया, ”असम, केरल पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में आज मतदान हो रहा है। मैं यहां के मतदाताओं, खासकर युवाओं से रिकार्ड संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं।”
