बरेली: महाराष्ट्र और दिल्ली से आने वाले लोग नहीं हो रहे क्वारंटाइन
अमृत विचार, बरेली। देश के तीन प्रदेशों में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। उक्त प्रदेशों से जिले में आने वाले लोगों को क्वारंटाइन नहीं किया जा रहा है। दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश से आए लोग भी संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन लोगों को 15 दिन क्वारंटाइन रहना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हो …
अमृत विचार, बरेली। देश के तीन प्रदेशों में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। उक्त प्रदेशों से जिले में आने वाले लोगों को क्वारंटाइन नहीं किया जा रहा है। दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश से आए लोग भी संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन लोगों को 15 दिन क्वारंटाइन रहना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। इस बीच कुछ प्रदेशों में लगे लॉकडाउन और जिले में बढ़ती संक्रमण की स्थिति ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को चिंता में डाल दिया है।
बीते साल दिसंबर माह के बाद से ही जिले के लोगों ने कोरोना संक्रमण से राहत पानी शुरू की थी। संक्रमितों की संख्या कम हुई और रिकवरी रेट बढ़ा था। यह सिलसिला फरवरी तक चला। फरवरी माह के अंतिम दिन तो संख्या जीरो हो गई लेकिन इसके बाद जिले में बाहर से आने वाले लोगों की संख्या ने अचानक संक्रमितों की संख्या में इजाफा कर दिया।
इस दौरान जिले में अधिकतर ऐसे लोग संक्रमित पाए गए जो बाहर से आए थे। इसमें महाराष्ट्र से शिविर में भाग लेकर आए कैंट की एक एकेडमी के 17 लोग भी शामिल हैं। इसके अलावा संक्रमितों की संख्या शहर के निजी अस्पतालों से निकली। तकरीबन हर रोज निजी अस्पतालों से एक, दो संक्रमित आए। मार्च की शुरुआत से अब तक जिले में 90 लोग संक्रमित मिल चुके हैं जबकि फरवरी में कुल संक्रमित 122 थे।
संक्रमितों के परिजन बाहर घूम रहे
संक्रमण बढ़ने के पीछे स्वास्थ्य विभाग की निगरानी टीम की भी कमी सामने आई है। देखने में आया है कि जिन घरों में लोग संक्रमित हैं उनके परिवार के लोग बाहर घूम रहे हैं। ऐसे में संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। हाल ही में सिविल लाइंस निवासी के एक परिवार के लोग संक्रमित मिले थे वह परिवार के साथ रह रहे थे। इसके बाद भी उनके स्वजन बाहर घूम रहे थे। इस पर आपत्ति भी दर्ज कराई गई थी।
जिले में लोगों को जागरूक रहने की आवश्यकता है। वहीं, निगरानी टीम को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। -डा. एसके गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
