हल्द्वानी: स्टोन क्रशरों में उपखनिज खरीद शुरू, डंपर स्वामियों के चेहरे खिले

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। लालकुआं विधायक नवीन दुम्का के आश्वासन के बाद स्टोन क्रशरों ने रविवार से उपखनिज खरीद करना शुरू कर दी है। इससे गौला नदी खनन में लगे हजारों डंपर स्वामियों ने राहत की सांस ली है। हल्द्वानी-लालकुआं तहसील में 21 स्टोन क्रशर संचालित होते हैं। शासन की नई खनन नीति के अंतर्गत इन …

हल्द्वानी, अमृत विचार। लालकुआं विधायक नवीन दुम्का के आश्वासन के बाद स्टोन क्रशरों ने रविवार से उपखनिज खरीद करना शुरू कर दी है। इससे गौला नदी खनन में लगे हजारों डंपर स्वामियों ने राहत की सांस ली है।

हल्द्वानी-लालकुआं तहसील में 21 स्टोन क्रशर संचालित होते हैं। शासन की नई खनन नीति के अंतर्गत इन क्रशरों में उपखनिज खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया था। यह लक्ष्य पूरा होने के बाद तकरीबन 18 क्रशरों ने उपखनिज खरीद बंद कर दी थी। इससे गौला नदी में उपखनिज निकासी में लगे तकरीबन 5700 वाहन खड़े हो गए थे।

इन वाहनों के सामने संकट था कि नदी से निकाला गया उपखनिज की बिक्री कैसे की जाए। उपखनिज खरीद नहीं होने से डंपर स्वामियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया था तो नदी से भी उपखनिज निकासी का 32 लाख घनमीटर का लक्ष्य पर भी संकट मंडराने लगा था।

इसके बाद लालकुआं विधायक नवीन दुम्का की स्टोन क्रशरों के संचालकों से वार्ता हुई। दुम्का ने आश्वासन दिया कि क्रशर संचालक उपखनिज की खरीद शुरू करें, शासन स्तर से इस बाबत आदेश जारी करा दिए जाएंगे। विधायक के आश्वासन के बाद क्रशर संचालकों ने रविवार से उपखनिज की खरीद शुरू कर दी है। इससे गौला नदी खनन में लगे वाहन स्वामियों ने राहत की सांस ली है।

टल सकता है गौला नदी का संयुक्त सर्वे 

गौला नदी का 16 मार्च को नौ विभागों का एक संयुक्त सर्वे होना है। इस सर्वे में गौला नदी में फिर से उपखनिज निकासी के लक्ष्य का निर्धारण किया जाएगा। अभी शासन स्तर से स्टोन क्रशरों में उपखनिज खरीद को लेकर कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। ऐसे में आशंका है कि यह सर्वे टल सकता है क्योंकि अभी निर्धारित उपखनिज को बेचने का संकट है। यदि लक्ष्य बढ़ जाता है तो उस उपखनिज की बिक्री कैसे होगी। इसको देखते हुए संयुक्त सर्वे टल सकता है।

स्टोन क्रशरों में उपखनिज की खरीद के लिए कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। शासन स्तर पर कागजी कार्रवाई चल रही है। शासन से जैसे निर्देश मिलेंगे, उनका पालन किया जाएगा।
रवि नेगी, जिला खनन अधिकारी नैनीताल

संबंधित समाचार