मुरादाबाद: नगर विधायक की जगह लिख दिया देहात विधायक का नाम, लोगों ने पोती स्याही
मुरादाबाद, अमृत विचार। लोकार्पाण पत्थर पर नगर विधायक के स्थान पर देहात विधायक का नाम लिख दिए जाने पर किसी ने विरोध में पत्थर पर ही कालिख पोत दी। जब दूसरे दिन यह कालिख लोगों ने देखी तो खलबली मच गई। गलत नाम लिखे जाने पर सवाल उठे तो निगम ने फौरन पत्थर को दोबारा …
मुरादाबाद, अमृत विचार। लोकार्पाण पत्थर पर नगर विधायक के स्थान पर देहात विधायक का नाम लिख दिए जाने पर किसी ने विरोध में पत्थर पर ही कालिख पोत दी। जब दूसरे दिन यह कालिख लोगों ने देखी तो खलबली मच गई। गलत नाम लिखे जाने पर सवाल उठे तो निगम ने फौरन पत्थर को दोबारा बनवाने के लिए भेज दिया। अब इस पत्थर से देहात विधायक हाजी इकराम कुरैशी का नाम हटाकर नगर विधायक रितेश गुप्ता का नाम लिखा जाएगा।
मुगलपुरा थाना क्षेत्र में जामा मस्जिद पार्क का दोबारा सौंदर्यीकरण किया जाना है। इसको लेकर नगर निगम की ओर से कार्य शुरू कर दिया गया है। इस पार्क का लोकार्पण पत्थर इसी सप्ताह लगाया गया था। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नगर विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन मंत्री आशुतोष टंडन, महापौर विनोद अग्रवाल, पार्षद सलीम वारसी और देहात विधायक हाजी इकराम कुरैशी का नाम लिखा था।
लोगों का कहना था कि यह क्षेत्र नगरीय विधान सभा में आता है, ऐसे में देहात विधायक का नाम नहीं होना चाहिए। इस पर हुई आपत्ति हुई पर फौरन कोई अमल नहीं हुआ। बताया जाता है कि इसी विरोध के चलते किसी ने बुधवार की रात किसी ने इस पत्थर पर सियाही पोत दी। दूसरे दिन जब सियाही पुते पत्थर को देखा गया तो खलबली मच गई। फौरन इसकी जानकारी नगर निगम को दी। जेई का कहना है कि पत्थर पर नगर विधायक का नाम लिखा जाएगा, यह संशोधन कराया जा रहा है। सियाही पोतने की जो हरकत की गई है उसका भी पता लगाया जाएगा।
23 साल पहले बना था पार्क
जामा मस्जिद पार्क की नींव वर्ष 1998 में रखी गई थी। पार्षद सलीम वारसी के अनुसार यह पार्क करीब 11 बीघे में तैयार किया गया। उस वक्त सांसद निधि और नगर निगम की निधि से करीब दस लाख रुपये के बजट से इस पार्क को तैयार किया, पर उसके बाद इस पार्क की हालत बदहाल हो गई। पानी का पंप खराब हुआ और झूले भी धीरे धीरे गायब हो गए।
