कोरोना को काबू में करने की मुहिम शुरू, पहले दिन 1 लाख 91 हजार 181 लोगों को लगा टीका
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आज बताया कि भारत बायोटक द्वारा विकसित कोरोना वैक्सीन कोवैक्सीन की आपूर्ति देश के सिर्फ 12 राज्यों में की गयी है जबकि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित कोविशील्ड की आपूर्ति देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में की गयी है। मंत्रालय ने आज …
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आज बताया कि भारत बायोटक द्वारा विकसित कोरोना वैक्सीन कोवैक्सीन की आपूर्ति देश के सिर्फ 12 राज्यों में की गयी है जबकि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित कोविशील्ड की आपूर्ति देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में की गयी है।
मंत्रालय ने आज शाम आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कोरोना टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया है, जो दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान है। देश के सभी टीकाकरण केंद्रों पर टीकों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की गयी है। देश में कुल 3,351 टीकाकरण केंद्र हैं, जहां प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक पहले दिन 1 लाख 91 हजार 181 लोगों को टीके लगाये गये हैं।
टीकाकरण की इस पूरी प्रक्रिया में 16,755 कर्मी शामिल रहे। अब तक किसी भी जगह से किसी भी व्यक्ति के टीकाकरण के बाद अस्पताल में भर्ती होने की खबर नहीं मिली है।
कुछ केंद्रों पर लाभार्थियों की सूची को अपलोड करने में समस्या आयी लेकिन इस समस्या को अब निपटा लिया गया है। कुछ केंद्रों पर आज उन स्वास्थ्यकर्मियों को भी टीका लगाया गया, जिन्हें आज टीका लगाने की निर्धारित तारीख नहीं थी। ऐसे स्वास्थ्यकर्मियों के डाटाबेस को कोविन ऐप पर अपलोड करने की सलाह राज्यों को दे दी गयी है। आंकड़ों के अनुसार, सुरक्षाबल में तैनात 2,182 स्वास्थ्यकर्मियों को आज टीका लगाया गया।
आंधप्रदेश में 16,963, बिहार में 16,401, उत्तर प्रदेश में 15,975, महाराष्ट्र में 15,727, कर्नाटक में 12,637, पश्चिम बंगाल में 9,578, राजस्थान में 9,279, ओडिशा में 8,675, गुजरात में 8,557, केरल में 7,206, मध्यप्रदेश में 6,739, छत्तीसगढ़ में 4,985, हरियाणा में 4,656, तेलंगाना में 3,600, दिल्ली में 3,403, तमिलनाडु में 2,728, असम में 2,721, उत्तराखंड में 2,226, अरुणाचल प्रदेश में 743, अंडमान निकोबार में 78, चंडीगढ़ में 195,दादर नगर हवेली में 64, दमन दीव में 43, गोवा में 373, हिमाचल प्रदेश में 1,408, जम्मू कश्मीर में 1,954, झारखंड में 2,897, लद्दाख में 76, लक्षद्वीप में 21, मणिपुर में 510, मेघालय में 509, त्रिपुरा में 266, पुड्डुचेरी में 206, सिक्किम में 120, मिजोरम में 314 और नागालैंड में 499 लोगों को कोरोना के टीके लगाये गये।
