बरेली: नवंबर में मिले 30 लाख, 10 दिसंबर तक कंबलों का पता नहीं

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। कड़ाके की सर्दी शुरू हो चुकी है। लेकिन गरीबों के लिये मिलने वाले सरकारी कंबलों का 10 दिसंबर तक कोई अता पता नहीं है। सरकार ने गरीबों को कंबल बंटवाने के लिये नवंबर माह में ही जिला प्रशासन को 30 लाख रुपये का बजट आवंटित कर दिया था। लेकिन अभी तक कंबलों …

अमृत विचार, बरेली। कड़ाके की सर्दी शुरू हो चुकी है। लेकिन गरीबों के लिये मिलने वाले सरकारी कंबलों का 10 दिसंबर तक कोई अता पता नहीं है। सरकार ने गरीबों को कंबल बंटवाने के लिये नवंबर माह में ही जिला प्रशासन को 30 लाख रुपये का बजट आवंटित कर दिया था। लेकिन अभी तक कंबलों की खरीद नहीं हो सकी है। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय 15 दिनों से जूम पोर्टल से कंबलों की खरीद करने की प्रक्रिया पूरी करा रहा है। बताते हैं कि जूम पोर्टल पर निविदा आमंत्रित की गयी।

जिसमें 21 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इसमें से 13 कंपनियां कागजातों की जांच में निविदा प्रक्रिया से बाहर हो गयी। आठ कंपनियां निविदा की शर्तों पर खरी उतरीं। सभी कंपनियों से कंबलों की खरीद के लिये कोटेशन मांगा गया। इसमें अग्रवाल एजेंसी को कंबल खरीद के लिये फाइनल किया गया। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के अनुसार एक कंबल की 305.90 रुपये कीमत आएगी। यह भी दावा किया कि बरेली मंडल में बरेली में ही सबसे कम दाम में कंबल खरीद की जा रही है। एजेंसी को 9600 कंबल खरीद का आर्डर दिया गया है।

बताया कि सदर तहसील, मीरगंज, फरीदपुर, बहेड़ी, नवाबगंज और आंवला तहसील को 1600-1600 कंबल आवंटित किये जाएंगे। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय ने तीन दिन में कंबल आने की बात कही है। यह भी बताया कि अब जूम पोर्टल से ही खरीद होनी है। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में काफी दिन लग गये। मैनुअल अब कोई काम नहीं हो रहा है। इस वजह से कंबलों की खरीद में समय लग रहा है।

तीन दिन में कंबल आ जाएंगे। 1600-1600 कंबल प्रति तहसील को आवंटित किये जाएंगे। पहले चरण में शासन से 30 लाख रुपये ही मिले हैं। ये कंबल बंटने के बाद फिर मांग भेजी जाएगी। जूम पोर्टल पर खरीद प्रक्रिया जटिल है। इस वजह से कंबल खरीद में देरी हुई है।
-मनोज कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व

संबंधित समाचार