सोशल मीडिया से दूरी, निरंतर पढ़ाई से मिली सफलता; जेईई मेन 2025 सेशन 2 का जारी हुआ परीक्षा परिणाम
मेधावियों ने बताए सफलता के मंत्र, आईआईटी बांबे पहली पसंद
कानपुर, अमृत विचार। जेईई मेन 2025 सेशन 2 का परीक्षा परिणाम शनिवार को जारी हुआ। सफल छात्रों के चेहरे पर मुस्कान छा गई। सफलता हासिल करने वाले मेधावियों ने बताया कि पेपर की तैयारी के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाई। उन्होंने अब तैयारी शुरू कर रहे युवाओं को निरंतरता का मंत्र दिया। जेईई मेन सीजन 2 परीक्षा शहर के चार केंद्रों में आयोजित हुई थी। ऑनलाइन परीक्षा में शहर के लगभग 14 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए थे।
शहर में परीक्षा देने वाले लगभग 50 फीसदी छात्रों के परसेंटाइल 97 फीसदी से अधिक बताए जा रहे हैं। यह भी दावा किया गया है कि शहर से ऑल इंडिया रैंक 7 भी एक छात्र को मिली है। सफल छात्र आईआईटी बांबे को अपनी पहली पसंद बता रहे हैं। इसके अलावा छात्रों की अन्य पसंद में आईआईटी दिल्ली और आईआईटी कानपुर भी है।
एक दिन भी व्यर्थ न करें
बांदा निवासी कुशाग्र बैंगाहा ने शहर में रह कर अपनी तैयारी की। उनके बेस्ट ऑफ 2 परसेंटाइल 100 आए हैं। इसलिए उन्हें अपनी पसंद का संस्थान मिलने की पूरी संभावना है। उन्होंने बताया कि वे आईआईटी बांबे में पढ़ाई करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि जेईई की तैयारी करते समय एक दिन भी व्यर्थ नहीं करना चाहिए। सफलता के लिए उनके पिता अशोक कुमार व मां कंचन गुप्ता को पूरा श्रेय जाता है। उन्होंने लगातार मोटिवेट किया।
पेपर देते समय न लें तनाव
रामादेवी निवासी हिमांग वार्ष्णेय ने 99.76 परसेंटाइल हासिल किए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता ब्रजेश वार्ष्णेय एक संस्थान के निदेशक हैं। हिमांग ने कहा कि लंबी तैयारी के बाद अक्सर यह देखा गया है कि पेपर देते समय परीक्षार्थी को तनाव आ जाता है। इससे कई बार आसान सवाल हल करने में भी मुश्किल होती है। इससे समय खर्च होता है और पूरे पेपर पर इसका असर पड़ जाता है। इसलिए यह कोशिश की जाए कि बेहतर तैयारी के साथ शांत रहकर परीक्षा देनी चाहिए। उन्होंने आईआईटी बांबे में पढ़ाई करने का लक्ष्य बनाया है।
सोशल मीडिया से बनाएं दूरी
चौक निवासी कृष्णा पाण्डेय ने परीक्षा में 99.87 परसेंटाइल हासिल किए हैं। कृष्णा ने बताया कि तैयारी के दौरान वे कई बार निराश हुए। इस पर उनके पिता हिमराज पाण्डेय और मां सरिता पाण्डेय ने मोटिवेट किया। उन्होंने बताया कि वे अब एडवांस की तैयारी पर अपना पूरा फोकस रख रहे हैं। जिससे प्रवेश आईआईटी बांबे, दिल्ली या कानपुर मिल सके। यह भी बताया कि तैयारी के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से पूरी तरह से दूरी बना रखी थी।
तैयारी पर फोकस रखें
आनंदबाग निवासी प्रत्यक्ष जायसवाल ने 98.5 परसेंटाइल हासिल किए हैं। प्रत्यक्ष ने बताया कि इस परीक्षा की तैयारी बहुत लंबी होती है। इस स्थिति में यह जरूरी है कि एक या दो साल अपने लक्ष्य और तैयारी पर हमेशा फोकस रखें। तैयारी के दौरान कई बार ऐसा समय आता है जब लगता है कि नहीं हो पाएगा ऐसे समय पर अभिभावक व शिक्षक से बात जरूर करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस सफलता में उनके पिता अमर प्रताप जायसवाल और मां साधना जायसवाल को पूरा श्रेय जाता है।
छात्र कुशाग्र की 7 रैंक
आकाश एजुकेशनल सर्विसेज के कानपुर के छात्र कुशाग्र बैंगाहा ने जेईई मेन 2025 (सेशन 2) में ऑल इंडिया रैंक 7 हासिल की है। इसके अलावा संस्थान के अन्य 9 छात्रों ने भी टॉप रैंक हासिल किया है। संस्थान की ओर से बताया गया कि हिमांग वर्श्नेय, रुद्र भारती, तनिषा, आयुष गौतम, ईशान उत्तम, अयांश निरंजन, आदित्य मिश्रा, शौर्य अवस्थी और जयंती दुबे ने भी अपने-अपने कैटेगरी में उच्चतम रैंक प्राप्त की है। संस्थान के रीजनल डायरेक्टर डीके मिश्रा ने बताया कि हमें हमारे छात्रों की जेईई मेन 2025 में शानदार सफलता पर गर्व है।
97 छात्रों ने पाई सफलता
गेल (इंडिया) की सीएसआर पहल 'गेल उत्कर्ष के कानपुर केंद्र में दाखिल 100 छात्रों में से 97 छात्रों ने जेईई मेन्स 2025 में सफलता हासिल की है। गेल उत्कर्ष में बच्चों को 11 महीने की निशुल्क आवासीय शिक्षा एवं प्रशिक्षण दिया जाता है। 2009 में गेल उत्कर्ष सुपर-100, कानपुर प्रोजेक्ट शुरू हुआ था। कानपुर केंद्र की सफलता के बाद, गेल ने हल्द्वानी (2018-19) में और हाल ही में बनारस (2021-22) में समान परियोजनाओं की शुरुआत की है। यह केवल लड़कियों के लिए समर्पित केंद्र है और जहां इंजीनियरिंग व मेडिकल दोनों की तैयारी कराई जाती है। बताया गया कि आगामी वर्ष के लिए चयन प्रक्रिया चल रही है।
15 छात्रों के 99 परसेंटाइल
कालरा शुक्ला क्लासेज के 15 छात्रों को 99 परसेंटाइल हासिल हुए हैं। इनमें कृष्णा पाण्डेय, प्रत्यक्ष जायसवाल, संकल्प तिवारी, कृष्णा आजमानी सहित अन्य छात्र शामिल हैं। संस्थान की ओर से बताया कि कालरा शुक्ला क्लासेज की यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत का नतीजा है।
ये भी पढ़ें- LIVE थोड़ी देर में कानपुर पहुंचेंगे CM Yogi, मेट्रो में भी करेंगे सफर; PM Modi की जनसभा की तैयारियां भी देखेंगे
