Bareilly: तेज आंधी कहर बनकर टूटी, मकान का छज्जा और झोपड़ी ढहने से दो की मौत
बरेली/देवरनियां, अमृत विचार : शुक्रवार की देर रात आई तेज आंधी लोगों पर कहर बनकर टूटी। देवरनियां क्षेत्र में मकान का छज्जा और झोपड़ी ढहने से दो लोगों की जान चली गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीम ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया। देर शाम तक मृतकों के परिजनों के खातों में कोषागार के जरिए धनराशि भिजवा दी। वहीं शहरी क्षेत्र में करीब 15 घंटे बिजली गुल रही। कई क्षेत्रों में पेड़ गिर गए।
शुक्रवार की रात करीब 10.30 बजे तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। देवरनियां के गांव उदरा निवासी कृष्णपाल (50) बारिश से बचने के लिए छज्जे के नीचे लेट गए। कुछ दूरी पर उनकी पत्नी रूपा देवी और पौत्र हर्षित लेटे थे। आंधी-पानी में अचानक छज्जा भरभराकर गिर गया। तीनों लोग मलबे में दब गए। शोर शराबा होने पर ग्रामीणों ने जब तक मलबा हटाया, तब तक कृष्णपाल की मौत हो चुकी थी।
रूपा देवी और हर्षित गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी थाना क्षेत्र के बसंतनगर जागीर निवासी रामचरन (63) झोपड़ी में लेटे थे। आंधी-पानी के कारण उनकी झोपड़ी गिर गई थी जिसके नीचे रामचरन लाल दब गए। रामचरन के बेटे संजीव ने बताया कि वह पिता को अस्पताल ले जाने का इंतजाम कर रहे थे, तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे
कार्यवाहक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर क्राइम रामवीर सिंह तुंरत मौके पर पहुंचे और मृतकों व घायलों के परिजनों को सांत्वना दी। शनिवार सुबह एसडीएम बहेड़ी रत्निका श्रीवास्तव, तहसीलदार भानुप्रताप, नायब तहसीलदार शोभित चौधरी ने दोनों गांवों का निरीक्षण किया। दैवीय आपदा कोष से दोनों परिवारों को चार- चार लाख रुपये दिए गए।
देवरनियां कोतवाली क्षेत्र के दो गांवों में आंधी-तूफान से दो की मौत व नुकसान का तहसीलदार की टीम ने मुआयना किया। जिलाधिकारी के निर्देशन पर दैवी आपदा के तहत दोनों मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक मदद गई है- रत्निका श्रीवास्तव, एसडीएम बहेड़ी।
यह भी पढ़ें- बरेली में बेकाबू कुत्तों का कहर, अस्पताल में भी नहीं सुरक्षित लोग
