बदायूं: गांव के पास तालाब के पानी में डूबकर दो किशोरों की मौत
बदायूं, अमृत विचार। बकरी चराने के दौरान बिसौली क्षेत्र के गांव सिद्धपुर कैथोली निवासी किशोर तालाब के पानी में डूब गया। उसे बचाने के लिए दूसरा किशोर तालाब में कूदा। ग्रामीणों ने दोनों को अचेत हालत में तालाब से बाहर निकाला। दोनों को बिसौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों में चीत्कार मच गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को को सौंप दिए।
गांव सिद्धपुर कैथोली निवासी बॉबी (14) पुत्र भूरे कश्यप और सलमान (16) पुत्र जहूर शनिवार सुबह लगभग 11 बजे गांव के पास खेत में बकरी चराने गए थे। इसी दौरान बॉबी का पैर फिसल गया। वह तालाब में जा गिरा और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए सलमान भी तालाब में कूद गया। बॉबी को बचाने के बजाय वह भी तालाब के पानी में डूबने लगा। किशोरों के शोर मचाने पर आसपास के खेतों पर काम कर रहे किसान दौड़कर पहुंचे और तालाब में बच्चों को तलाश किया। तकरीबन एक घंटे की तलाश के बाद ग्रामीणों ने दोनों किशोरों को तालाब से बाहर निकाला।
उनके परिजनों और पुलिस को सूचना देकर अलग-अलग बाइकों से बिसौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने दोनों किशोर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस एसएचसी पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं कुछ ग्रामीणों में चर्चा है कि वह दोनों नहाने के लिए तालाब में घुसे थे और डूब गए। नायब तहसीलदार ने राजस्व विभाग की टीम बनाकर स्थलीय निरीक्षण कराया। ग्रामीणों ने बताया कि मछली पालन के लिए तालाब खुदवाया गया था। मौत के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है। गांव में भी गमगीन माहौल है।
