Kannauj: गैंगस्टर आरोप में बरी प्रधान की संपत्ति हुई रिलीज, 11.80 करोड़ की संपत्ति हुई थी कुर्क, न्यायालय का फैसला आने पर मिली राहत
कन्नौज, अमृत विचार। तालग्राम थाना क्षेत्र में धार्मिक स्थल पर प्रतिबंधित मांस मिलने के मामले में दो संप्रदायों के बीच वर्ष 2022 में भड़के दंगा के आरोपी प्रधान के गैंगस्टर से बरी होने के बाद उसकी संपत्ति को प्रशासन ने रिलीज कर दिया है।
बता दें कि प्रधान तोताराम शर्मा पर दंगा भडकाने का आरोप लगा था। पुलिस ने आरोपी पर गैंगस्टर कार्रवाई करने के साथ ही हिस्ट्रीशीटर भी खोली थी। गैंगस्टर के मामले में न्यायालय से बरी होने के बाद प्रधान की 11.80 करोड़ की संपत्ति को बृहस्पतिवार एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार ने रिलीज करदिया है।
तालग्राम थाना क्षेत्र रसूलाबाद गांव के एक मंदिर में 16 जुलाई 2022 को प्रतिबंधित पशु का सिर और मांस पड़ा मिला था। इससे जनआक्रोश पनप गया था। दो समुदायों के लोग आमने सामने आ गये और दंगा भड़क गया। गुस्साई भीड़ ने तालग्राम कस्बे में तोड़फोड़ करते हुए कुछ दुकानों में आग लगा दी थी। इसी मामले को लेकर शासन ने तत्कालीन डीएम राकेश कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक राजेश श्रीवास्तव को हटा दिया था। तालग्राम थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी हरिश्याम सिंह समेत दो एसआई सस्पेंड किए गए थे। पुलिस ने दंगे में कुशलपुरवा गांव निवासी प्रधान तोताराम शर्मा को आरोपी बनाया था।
गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए पुलिस प्रशासन ने तीन अप्रैल 2023 को उनकी 11.80 करोड़ की अंचल संपत्ति कुर्क की थी। अब न्यायालय से आदेश मिलने के बाद गुरुवार को नायब तहसीलदार हिमांशु प्रभाकर, राजस्व निरीक्षक सतेंद्र शुक्ला, लेखपाल शेख गुलफाम हुसैन ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच कर संपत्ति रिलीज आदेश प्रधान को सौंपा और दुकानों का ताला खोल दिया। थानाध्यक्ष शशिकांत कनौजिया ने बताया कि गैंगस्टर के आरोप में तोताराम बरी हो गए हैं। उसके तहत कुर्क संपत्ति जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय के आदेश पर रिलीज हो गई है।
