शाहजहांपुर: ऋतिक ने गलत काम से किया मना तो मार डाला...पुलिस को उलझाने के लिए बुना ये जाल !
शाहजहांपुर/परौर। आठ साल के बालक ऋतिक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करके गांव के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बालक के साथ कुकर्म करने का प्रयास किया था। बालक के शोर मचाने और घर पर उसकी इस हरकत के बारे में बता देने की बात कहने पर आरोपी ने गला दबाकर ऋतिक की हत्या कर दी थी और शव गन्ने के खेत में फेंक दिया था।
परौर थाना क्षेत्र के गांव नरायन नगला निवासी अजय राठौर का आठ वर्षीय पुत्र ऋतिक 23 मार्च को घर के बाहर खेलते समय अचानक गायब हो गया था। परिवार वालों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस ने अज्ञात में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की थी। तीन थानों की पुलिस ने कटरी में कांबिग की थी और नदी में गोताखोरों से तलाश करायी थी, लेकिन ऋतिक का पता नहीं चला था। 26 मार्च को घर से 200 मीटर दूर ऋतिक की शर्ट मिली थी। उसकी जेब में बुलबुल बीड़ी के कट्टे के कागज में कुछ लिखा हुआ था। पुलिस के समझ में नहीं आया था। पांच अप्रैल को ऋतिक का कंकाल सूरज पाल के गेहूं के खेत में मिला था। खोपड़ी, कुछ हड्डियां और लोअर व अंडर वियर मिला था। परिवार वालों ने लोअर से शिनाख्त की थी। एसपी ने एसओजी और थाने की दो टीमों को घटना के खुलासे के लिए लगाया था।
पुलिस की विवेचना में गांव के ही प्रकाश का नाम सामने आया था, जो फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी प्रकाश को गुरुवार की सुबह पौने सात बजे गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने ऋतिक की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। पुछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका पड़ोस में घर है। आरोपी खेत पर अपने भांजे के साथ जा रहा था तो ऋतिक भी उसके साथ चल दिया था। उसके मन में ऋतिक के प्रति गंदे विचार आए। आरोपी ने अपने भांजे को घर वापस भेज दिया।
आरोपी उसे गेहूं के खेत में कुकर्म करने की नीयत से ले गया। बच्चे ने शोर मचाया और कहा कि घर पर शिकायत करेंगे। आरोपी ने घर बताने की बात को लेकर ऋतिक की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में छिपाकर भाग आया था। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया। टीम में प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, निरीक्षक राम सुंदर यादव, एसओजी प्रभारी धमेंद्र कुमार, उप निरीक्षक मनोज कुमार आदि थे।
आरोपी प्रकाश ने बताया कि अगले दिन पुलिस देखकर घबरा गया था। वह तीसरे दिन ऋतिक की शर्ट निकालने गेहूं के खेत में गया। बच्चे का शरीर अकड़ गया था, जिससे शर्ट निकालने समय शर्ट फाड़ते समय बटन टूटकर मौके पर गिर गए थे। आरोपी ने अपने भांजे से बुलबुल बीड़ी के कट्टे के खाकी कागज पर अपने भांजे से कुछ शब्द लिखाकर फटी शर्ट की जेब में रखकर ऋतिक के घर से कुछ दूरी पर पुलिस का दिमाग घुमाने के लिए शर्ट डाल दी थी। पुलिस को पता चल जाए कि बच्चा मर चुका है। आरोपी के भांजे ने बताया कि उसके मामा ने कागज पर लिखवाया था और लिखवाने का कारण नहीं बताया था।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि आरोपी ने बालक से कुकर्म करने का प्रयास किया था। बालक ने शोर मचाते हुए कहा था कि वह घर पर बता देगा। आरोपी ने शिकायत की डर से बालक की हत्या कर दी थी। बालक का डीएनए जांच के लिए भेजा गया है। आरोपी ने घटना का जुर्म कबूल कर लिया है।
