Kanpur: चौराहों पर प्लेकार्ड के जरिये समर्थन जुटाएंगे भाजपाई, एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर चलेगा अभियान, दक्षिण जिलाध्यक्ष ने की बैठक
कानपुर, अमृत विचार। देश में विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने और देश की राजनैतिक अस्थिरता को समाप्त करने के लिए भाजपा एक राष्ट्र एक चुनाव की दिशा में आगे बढ़ रही है। यह बात शुक्रवार को केशव नगर स्थित भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कही उन्होंने एक राष्ट्र एक चुनाव, दलित संगोष्ठी, दलित बस्तियों में संपर्क अभियान के बारे में चर्चा की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्र एक चुनाव के पक्ष में समर्थन हासिल करने के लिए प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन, संगोष्ठी, चाय पर चर्चा, प्रमुख बाजारों में व्यापारियों से संपर्क, गली मोहल्ले में पदयात्रा, युवा एवं महिला मोर्चा द्वारा विधानसभा स्तर पर संगोष्ठी, महाविद्यालयों में संपर्क अभियान चलाएगी। छात्रसंघ पदाधिकारी के साथ बैठकें करेगी। पार्टी कार्यकर्ता प्लेकार्ड लेकर प्रमुख चौराहों पर खड़े होकर समर्थन जुटाएंगे। एक राष्ट्र एक चुनाव के दक्षिण जिले के संयोजक कौशल किशोर दीक्षित ने कहा कि सन 1951- 52, 1957, 1962, 1967 तक एक देश एक चुनाव होते थे।
कांग्रेस पार्टी ने धारा 356 का दुरुपयोग करते हुए विधानसभा भंग कर मध्यावधि चुनाव की परंपरा शुरू की। भाजपा मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि सामाजिक संस्थाओं, सार्वजनिक रामलीला कमेटी, स्वयंसेवी संस्थाओं,मोहल्ला समिति, प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से एक राष्ट्र एक चुनाव के समर्थन में राष्ट्रपति को एक लाख समर्थन पत्र भेजे जाएंगे। बैठक में राम बहादुर यादव, विनोद मिश्रा, जसविंदर सिंह मनीष त्रिपाठी, गणेश शुक्ला,संजय कटियार, राजन चौहान, शिवपूजन सविता, अर्जुन बेरिया, वंदना गुप्ता, अनुराग शुक्ला,अर्चना आर्या आदि मौजूद रहे।
