Moradabad : पूर्व सांसद गिरीश चंद्र की बसपा में वापसी, समर्थकों ने जताई खुशी

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

मुरादाबाद। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पूर्व सांसद गिरीश चंद्र का निष्कासन समाप्त करते हुए बसपा में फिर वापसी कर दी है। उन्हें मुरादाबाद मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसकी पुष्टि बसपा जिलाध्यक्ष निर्मल सिंह सागर ने की। वहीं पूर्व सांसद के पार्टी में वापसी पर उनके समर्थकों ने खुशी जताई।

गिरीश चंद्र नगीना लोकसभा से बसपा के सांसद रह चुके हैं। वह बसपा प्रमुख के करीबियों में शामिल थे। उन्होंने छात्र जीवन से ही राजनीति की शुरूआत की। दलितों, शोषितों, पिछड़े व अल्पसंख्यक छात्रों की लड़ाई लड़कर उनको न्याय दिलाने के लिए लगे रहे। 1991 में वह कोआपरेटिव के निर्विरोध डायरेक्टर चुने गए। फिर 3 साल बाद 1994 में निर्विरोध डायरेक्टर व सभापति चुने गए। 1995 में नगर निगम के पार्षद निर्वाचित हुए। इसके बाद नगर निगम कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष बने। 2000 से 2006 तक बहुजन समाज पार्टी के मुरादाबाद के जिलाध्यक्ष रहे। उनकी गिनती बसपा प्रमुख मायावती के विश्वासपात्रों में होने लगी। उनकी निष्ठा और वफादारी को देखते हुए पूर्व सांसद को मुरादाबाद मंडल का पार्टी का कोआर्डिनेटर बनाया गया। 2007 में चंदौसी से विधायक का चुनाव जीत कर बसपा प्रमुख का विश्वास जीता।

 2019 में नगीना लोकसभा से टिकट मिला तो चुनाव जीतकर लोकसभा में पहुंच गए। वह लोकसभा में बसपा की ओर से नेता सदन रहे। कुछ महीने पहले पार्टी ने इन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया था। लेकिन वह किसी अन्य दल में नहीं गए। बसपा में ही अपनी आस्था जताते रहे। इसको देखते हुए बसपा प्रमुख ने गुरुवार को लखनऊ में पूर्व सांसद को बसपा में फिर से शामिल करा दिया। उन्हें मुरादाबाद मंडल का बसपा के मुख्य सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। बसपा जिलाध्यक्ष निर्मल सागर ने इसकी पुष्टि की है।

पार्टी में अपनी वापसी पर पूर्व सांसद ने प्रसन्नता जताई। कहा कि यह बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन मायावती के आशीर्वाद से संभव हुआ है। वह उनके भरोसे पर खरा रहते हुए पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि उन्हें मुरादाबाद मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी के रुप में काम करने का निर्देश मिला है। वह पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ करेंगे।

ये भी पढे़ं : Moradabad : सिटीजन फीडबैक में मुरादाबाद ने सीएम व पीएम सिटी को पीछे छोड़ा, जानिए प्रदेश के प्रमुख नगर निगमों की स्थिति

संबंधित समाचार