लखीमपुर खीरी: नेशनल हेराल्ड की संपत्ति सीज करने के खिलाफ फूटा कांग्रेस का गुस्सा
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। नेशनल हेराल्ड संपत्ति को सीज किए जाने व पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किए जाने के विरोध में जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर पार्क पर धरना-प्रदर्शन किया। यहां बैठक करने के बाद सभी कांग्रेसी जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय पहुंचे, जहां भी जमकर नारेबाजी की। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन डीएम को सौंपा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रह्लाद पटेल ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी के साथ ही कई अन्य कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ ईडी ने आरोप पत्र दाखिल किया है। यह कार्रवाई केंद्र सरकार के प्रतिशोध में की जा रही है, जो राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है। कांग्रेस पार्टी न्यायपालिका पर भरोसा जताती है और उम्मीद करती है कि न्यायपालिका अपनी भूमिका निभाएगी। शहर अध्यक्ष रियाज अहमद मोनू कहा कि केंद्र सरकार राजनीतिक हस्तक्षेप बंद करे और न्यायपालिका की स्वतंत्रता का सम्मान करे। सरकार विपक्ष की आवाज और देश के लिए के हर प्रकार का बलिदान देने वाले परिवार को परेशान करने का असफल प्रयास कर रही है।
देश की जनता इसका जवाब पुरजोर तरीके से देगी। जिला प्रवक्ता अमित गुप्ता ने कहा कांग्रेस पार्टी ईडी की कार्रवाई की निंदा करती है। यह लोकतंत्र के लिए खतरा है। भाजपा सरकार ने दमन की एक व्यवस्था बना रखी है, जिसे समय- समय पर विपक्ष की आवाज दबाने, मनमाने फैसले लागू करने, चुनाव जीतने के लिए इस्तेमाल करती है। सरकारी एजेंसियों को कठपुतली की तरह इस्तेमाल कर के देश को कमजोर करने का काम किया जा रहा है।
प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष रियाज अहमद, प्रदेश सचिव पूर्वी वर्मा, रवि तिवारी, नवाज खां, दीपक वाजपेई, प्रेम वर्मा, केके मिश्र, मतीन शाह, अजीत जैन, अनंत राम गौतम, सतीश मिश्र, एड जावेद अली खां, लतीफ आजम, विजेंद्र राठौर आदि ने भी संबोधित किया। सभा को हरगोविंद वर्मा, अकील, कोमल सिंह, एडo राम जीवन राज, अब्दुल कयूम, शिव भगवान, सलमान, रामपाल शाक्य, मोहन चंद्र उप्रेती, शिव सहाय सिंह, शक्ति शरण गौतम, नीरज बाजपाई, इरफान किदवई आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।
