Kanpur: घरों से कूड़ा उठाने में जोन-1 सबसे फिसड्डी, इस जोन में सबसे ज्यादा घरों से उठाया जा रहा कूड़ा...
अभिषेक वर्मा, कानपुर। शहर में डोर टू डोर कूड़ा उठान में जोन 3 अव्वल है। यहां 76 फीसदी घरों से कूड़ा उठान हो रहा है। वहीं, नगर निगम के 6 जोन में कूड़ा उठान में सबसे खराब हालत जोन 1 की है। यहां महज 49 फीसदी घरों से ही कूड़ा उठाया जा रहा है। नगर निगम की मॉनीटरिंग में यह हकीकत सामने आई है। विभागीय प्रयास से 42 हजार नए घरों से कूड़ा उठने लगा है। शहर के कुल 4.13 लाख लाख घरों में से वर्तमान में 2.72 लाख घरों से कूड़ा उठ रहा है। अधिकारियों की माने तो जल्द ही 100 फीसदी घरों से कूड़ा उठाने का लक्ष्य पूरा होगा।
स्वच्छ भारत 2.0 पायलट प्रोजेक्ट के अन्तर्गत नगर निगम ने डोर टू डोर कूड़ा उठान का सत्यापन शुरू किया है। विभाग का जोर है कि ज्यादा से ज्यादा घरों से कूड़ा उठाया जाए, इसके लिये एजेंसियों पर नजर रखी जा रही है। जेटीएन और दीक्षांक संस्था शहर के 110 वार्डों से डोर-टू-डोर कूड़ा उठा रही है, लेकिन कई वार्डों और मौहल्लों में शिकायत है कि कंपनी के कर्मचारी कूड़ा उठाने आते ही नहीं और आते भी हैं तो कुछ घरों से कूड़ा लेकर गायब हो जाते हैं।
नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने अनियमितता को दूर करने के लिए कंपनियों और कूड़ा उठान में लगी गाड़ियों पर नजर रखने को कहा है। जीपीएस और सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों के जरिये मॉनीटरिंग की जा रही है। 7 अप्रैल तक की जारी रिपोर्ट के अनुसार 2 लाख 72 हजार 348 घरों से कूड़ा उठाया जा रहा है। इसमें 42 हजार नये घर शामिल हैं। अब कुल घरों की अपेक्षा 65 फीसदी घरों से कूड़ा उठने लगा है।
110 वार्डों में 1149 ट्रिप लगा रहीं गाड़ियां
शहर में 110 वार्डों में कुल 437 बीट हैं। इसमें कूड़ा गाड़ियां रोजाना 1149 चक्कर लगाकर घरों से कूड़ा उठा रहीं हैं। इसमें आवासीय और व्यवसायिक भवन दोनों शामिल हैं। शहर में अभी भी 1.41 लाख भवन ऐसे हैं, जहां कूड़ा लेने गाड़ियां नहीं जा रही हैं।
जोन गार्बेज कलेक्शन गार्बेज नहीं उठ रहा वार्ड
1 49 51 18
2 68 32 21
3 76 24 18
4 66 34 15
5 64 36 18
6 52 48 20
(नोट : गार्बेज कलेक्शन प्रतिशत में)
शहर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन लगातार बढ़ रहा है। 42 हजार नए घरों से कूड़ा उठान शुरू हो गया है। जो गैप है, उसे भी जल्द भर लेंगे। - सुधीर कुमार, नगर आयुक्त
