शाहजहांपुर: मछलियों का निवाला बन चुका था लापता बुजुर्ग का शव...छठे दिन नदी से हुआ बरामद

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

जलालाबाद/शाहजहांपुर, अमृत विचार। छह दिन से लापता अधेड़ व्यक्ति का शव बहगुल नदी में उतराता मिला। पुलिस मौके पर गयी और शव को नदी से बाहर निकाला। मछलियों ने कुछ मांस खा लिया था। वह खेत पर फसल की रखवाली करने गए थे। परिवार वालों का कोई आरोप नहीं है।

जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर निवासी 70 वर्षीय जवाहर लाल 01 अप्रैल को दोपहर बाद चार बजे खेत पर फसल की रखवाली करने के लिए गए थे। वह घर नहीं पहुंचे थे। परिवार वालों ने उनकी रिश्तेदारी में तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। परिवार वालों ने अनहोनी की आशंका भी जतायी थी। गुरुवार को दुर्गेश ने थाना पर शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था कि उसके पिता खेत पर गए और घर वापस नहीं लौटे है। उनका कुछ पता नहीं चल रहा है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। 

सोमवार की सुबह आठ बजे ग्रामीण बहगुल नदी पर जानवर लेकर गए। ग्रामीणों ने देखा कि एक व्यक्ति का शव बहगुल नदी में उतरा रहा है। ग्रमीणों ने जलालाबाद थाना पर सूचना  दी। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकलवाया। इधर सूचना पर दुर्गेश मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त पिता जवाहर लाल के रूप में की है।

बताते है कि कुछ मांस मछलियों ने खा लिया था। परिवार वालों का कहना है कि जवाहर लाल बहगुल नदी के किनारे शौच करने के लिए गए होंगे और पैर फिसल जाने से नदी में डूब गए होंगे। परिवार वालों का कोई आरोप नहीं है। मौत की खबर से परिवार में रोना पीटना मच गया।

संबंधित समाचार