कासगंज: पंचायत के बाद मायके से लाए थे...अब विवाहिता को फांसी पर लटकाकर मारने का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

सिढपुरा, अमृत विचार। दो माह पूर्व मायके से पंचायत कर बुला कर ले गए ससुरालीजनों ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर हत्या कर दी। आरोप है कि साक्ष्य मिटाने के लिए ससुरालीजन शव को फांसी के फंदे पर लटका कर फरार हो गए। मायका पक्ष ने सास, ससुर, पति चचिया ससुर को नामजद करते हुए दो अन्य लोगों पर मामला दर्ज कराया है। 

एटा जनपद के थाना मिरहची क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी श्याम सिंह पुत्र मनोहर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी 26 वर्षीय  ममता की शादी चार वर्ष पूर्व  सिढपुरा थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी सत्यदेव पुत्र भोजराज सिंह के साथ की थी। शादी में समार्थ्य के अनुसार पांच लाख रूपए दान दहेज में दिया था। दोनों ने अपने विवाहित जीवन में दो बच्चों को जन्म दिया। एक बच्चे की मौत हो गई। इसी बीच ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपए की मांग करने लगे। बेटी को घर से निकाल दिया। बाद में दो माह पूर्व ससुरालीजन पंचायत कर बेटी को बुला कर ले गए। जहां बेटी से बात भी नहीं करने देते थे, इंतहा तो तब हो गई, जब पांच अप्रैल को बेटी के ससुर भोजराज, सास, पति सत्यदेव सिंह, चचिया ससुर प्रेमसिंह व ननद सरिता के अलावा दो अन्य लोगों ने मिलकर हत्या कर दी। 

उसके शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी के फंदे पर लटका कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग परिवार के साथ गांव में पहुंच गए। सूचना सिढपुरा थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने ग्रामीण और ससुरालीजनो से पूछताछ की शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना को लेकर मृतक ममता के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर पांच नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएंगी।

संबंधित समाचार