बलरामपुर: दूरियां बढ़ने से नाराज भांजे ने गला घोंटकर की थी मामी की हत्या
बलरामपुर, अमृत विचार। तीन दिन से लापता 42 वर्षीय महिला अनुदेशक की हत्या उसके भांजे, देहात के गजाधरसिंह डिहवा गांव निवासी 27 वर्षीय उमेश कुमार राव ने दुपट्टे से गला घोंटकर की थी। आरोपी और मृतका के बीच नजदीकी संबंध थे। दूरी बढ़ने से नाराज भांजे ने यह कदम उठाया। उमेश की निशानदेही पर बीते गुरुवार को पुलिस ने खरगूपुर गोंडा के गौनरिया गांव स्थित बिसुही नदी पुल के नीचे से शव बरामद किया था। अभियुक्त की महिला अनुदेशक से काफी नजदीकियां थीं। महिला की दोस्ती किसी अन्य से हो जाने पर वह उमेश को नजरअंदाज करने लगी थी। इसी बात से खिन्न होकर उमेश ने महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की है। उमेश वीर विनय चौराहा स्थित एचडीएफसी बैंक में सेल्स ऑफिसर है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि सिविल लाइन मुहल्ला निवासी व्यक्ति ने नगर कोतवाली में अपनी पत्नी की गुमशुदगी बीते दो अप्रैल को दर्ज कराई थी। महिला की तलाश के लिए नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह व सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। लोगों से पूछताछ के साथ इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म का भी सहारा लिया गया। गुमशुदा महिला के घर से आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज देखी गई। जांच के क्रम में अभियुक्त उमेश कुमार राव का नाम प्रकाश में आने पर उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से गहन पूछताछ की गई।
पूछताछ में उमेश ने बताया कि वह रिश्ते में महिला का भांजा लगता है। दोनों में चार वर्षों से नजदीकी संबंध व घर पर आना-जाना था। महिला ने ही उसकी शादी अपनी जान-पहचान की लड़की से करा दी थी, जिससे तीन वर्ष का बेटा भी है। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों से महिला उसे लगातार नजरअंदाज कर रही थी। बातचीत करने से कतरा रही थी। पता चला कि महिला के किसी और से नजदीकी संबंध हो गए हैं। इससे उमेश खिन्न था और महिला को मारने की योजना बना ली थी।
उमेश ने महिला को धोखे से बुलाकर अपनी ब्रेजा कार में बैठाकर घूमने के बहाने खरगूपुर गोंडा स्थित आर्यनगर मार्ग पुलिया के पास गौनरिया गांव ले गया। महिला के दुपट्टे से ही उसका गला कसकर हत्या कर दी। शव को बिसुही नदी के पुल के नीचे अंधेरे व सुनसान जगह फेंक दिया था। दुपट्टे को लौटते समय पकड़े जाने के डर से दुल्हिनपुर जंगल के पास छिपा दिया था। अभियुक्त की निशानदेही पर शव व दुपट्टा बरामद कर लिया गया।
ये भी पढ़ें- बलरामपुर: गायब महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, छानबीन में जुटी पुलिस
