मेरे बच्चे को आप संभाल लीजिएगा...रोते हुए बोला मैं थक गया हूं खुद से...Video बनाकर BJP महिला मंडल की उपाध्यक्ष के देवर ने जान दी
बजरिया थानाक्षेत्र के ब्रह्मनगर की घटना, भाभी ने एक महिला पर लगाए आरोप
.jpg)
कानपुर, अमृत विचार। पापा राम राम…माफी मांगता हूं मैं आपसे घर वालों से और पूजा से। सबको परेशान किया है मैनें। खासकर आपको अपने भाई और भाभी को। पूजा से मैं अपने बच्चे का गुनहगार हूं। जो मैं करने जा रहा हूं, उसमें किसी का कोई रोल नहीं है, न कोई इसका जिम्मेदार है।
बस एक रेक्वेस्ट है, आपसे पापा पूजा और मेरे बच्चे को आप संभाल लीजिएगा। प्लीज…रोते हुए बोला मैं थक गया हूं खुद से। यह 3.20 मिनट का वीडियो बनाकर भाजपा कौशलपुरी महिला मंडल की उपाध्यक्ष के देवर ने फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया। मौत से कुछ देर पहले डाले पिता को वाट्सएप पर डाले गए वीडियो से हड़कंप मच गया। वह लोग जब तक उसके घर पहुंचे तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर छानबीन शुरू की।
बजरिया थानाक्षेत्र के ब्रह्ननगर इलाके में 32 वर्षीय विशाल एक टेलीकॉम कंपनी में काम करता था। परिवार में बड़ा भाई विकास, भाभी गीता उनका छोटा बेटा सार्थक हैं। कुछ समय पहले विशाल की शादी बर्रा कर्रही निवासी पूजा से हुई थी। भाजपा कौशलपुरी महिला मंडल की उपाध्यक्ष भाभी गीता ने बताया कि वह परिवार संग हरसहाय डिग्री कॉलेज के पीछे रहती हैं।
उन्होंने बताया कि देवर विशाल अपनी पत्नी पूजा को लेकर रविवार दोपहर ससुराल गया था। यहां उसे छोड़ने के बाद वह ब्रह्मनगर नगर वाले घर पहुंच गया था। भाभी के अनुसार सोमवार को वह बेटे को दोपहर तीन बजे स्कूल लेने गईं थीं।
इसी दौरान ससुर का फोन आया कि विशाल ने उनके वाट्सएप पर एक सुसाइड करने की बात कहते हुए एक वीडियो भेजा है। उनके अनुसार जैसे ही उन्होंने वीडियो देखा तो वह ब्रह्मनगर पहुंच गई। यहां काफी दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
इसके बाद इलाकाई लोग इकट्ठा हुए उन लोगों ने भी दरवाजा तोड़ने का काफी प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसी कमरे के बगल में उनके भाजपा के कार्यालय के दूसरे दरवाजे से अंदर घुसे। जहां देवर विशाल का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। जिससे देखकर वहां चीखपुकार मच गई। मृतक की भाभी गीता ने एक महिला पर रुपये लेनदेन को लेकर आरोप लगाया है।
बताया कि वह उनके देवर को बहुत ज्यादा परेशान कर रही थी। जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। वहीं परिवार के लोगों ने दबी जुबां बताया कि विशाल पर बहुत ज्यादा कर्जा था। जिसे उनके घर वालों और मायके वालों ने जेवर तक बेचकर खत्म कराया था। इस संबंध में बजरिया इंस्पेक्टर अरविंद कुमार शर्मा के अनुसार परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। मौत से पहले बनाए गए वीडियो की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- चार दिन बाद एक बार फिर उठा धुआं: कानपुर के नौबस्ता गल्ला मंडी में आग लगने से 13 गोदाम जलकर हुए थे राख