लखीमपुर खीरी: डिनर में नहीं मिली मछली तो पत्नी को पीटा... बचाने आई साली को ही उतारा मौत के घाट
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना भीरा पुलिस ने गांव मूड़ाबुजर्ग में 15 वर्षीय सुनीता देवी हत्याकांड का रविवार को खुलासा कर दिया। किशोरी की हत्या उसके ही जीजा ने दुपट्टे से गला घोंटकर की थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा शव के पास से ही बरामद किया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का चालान भेजा है।
गोला कोतवाली क्षेत्र के चौरठिया गांव निवासी 15 वर्षीय सुनीता देवी अपने माता-पिता की मौत के बाद अपनी बड़ी बहन शांति देवी के घर मूड़ा बुजुर्ग में रह रही थी। गुरुवार की शाम उसका जीजा दिनेश कुमार मछली लाया था। मछली बनाने से उसकी बहन शांति देवी ने मना कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और मारपीट हुई थी।
इस दौरान सुनीता ने बीच बचाव करने की कोशिश की थी। अगले दिन सुबह सुनीता देवी का गांव के बाहर तालाब के किनारे शव बरामद हुआ था। पुलिस ने मृतक की बहन और बहनोई से जब पूछताछ की तो उनका कहना था कि विवाद शांत होने के बाद घर में ही सुनीता सो गई थी।
इसके बाद क्या हुआ। उन्हें कुछ नहीं पता है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में उसकी गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई। शक के आधार पर पुलिस ने मृतक सुनाती देवी के जीजा दिनेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म स्वीकार किया।
प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि घटना के समय नशे में था। पति-पत्नी के बीच मारपीट के दौरान बीच बचाव कर रही सुनीता की दिनेश कुमार ने लाठी से पिटाई कर दी थी। वह जब जान बचाकर घर से भागी तो आरोपी जीजा ने उसे दौड़ाकर तालाब के पास पकड़ लिया और दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी जीजा को बस्तौली तिराहे से गिरफ्तार कर चालान भेजा है।
ये भी पढ़ूें- लखीमपुर खीरी: चोरों ने घर को फिर बनाया निशाना, लाखों के जेवरात समेत नकदी चोरी
