बदायूं: पहले युवक पर चाकू से हमला, शिकायत की तो घर पर कर दिया पथराव
बदायूं, अमृत विचार। कुछ लोगों ने एक युवक पर चाकू से हमला करके घायल कर दिया। घायल के परिजन शिकायत करने थाने गए तो हमलावरों ने घायल के चाचा के घर पर पथराव किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
कस्बा ककराला के वार्ड 18 निवासी जमील अहमद ने तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा नोमान 14 फरवरी शाम 5 बजे गोबर डालने के लिए फरमान के घर के सामने गया था। जहां फरमान, उनके बेटे अयान व ताबिश ने गाली-गलौज शुरू कर दिया। नोमान को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। अयान ने चाकू से हमला किया। चाकू नोमान के अंगूठे में लगा। वह लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। नोमान को हमलावरों के चुंगल से छुड़ाया। जमील अहमद बेटे को लेकर थाने गए तो हमलावरों ने जमील अहमद के भाई नत्थू के घर पर पथराव शुरू कर दिया। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। ताबिश ने हवाई फायर किए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ये भी पढ़ें - बदायूं: महिला ने फंदे लटक कर की आत्महत्या, पारिवारिक कलह के चलते उठाया खौफनाक कदम
