बदायूं के इस अस्पताल को नोटिस,  कई हो रहे चिन्हित

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बदायूं, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से चल रहे अवैध अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई न होने से लोग सड़क पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दे रहे हैं। जानकारी होने पर सीएमओ ने कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने शहर में एक अस्पताल की दीवार पर नोटिस चस्पा किया। जबकि सहसवान के एक अस्पताल के खिलाफ जांच चल रही है।

किराए के मकानों में चल रहे अस्पतालों में मरीजों से लूट की शिकायत विभाग को मिल रही हैं। इसके बाद भी कोई कदम नहीं उठाया गया है। शहर के महाराज नगर निवासी एक युवक ने मुख्यमंत्री और सीएमओ को शिकायती पत्र भेज कर कहा कि उसके मकान के एक हिस्से में एक निजी अस्पताल चल रहा है। काफी समय से अस्पताल में झगड़े हो रहे हैं। यहां पर भर्ती मरीजों को प्रसव कराने के नाम पर लूटा जाता है।

इससे आए दिन झगड़े होते रहते हैं। अस्पताल चलाने वाले से मकान खाली करने को कहा तो वह लड़ाई झगड़े पर आमादा हो गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामेश्वर मिश्रा ने सोमवार की देर रात अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर चस्पा किया। अस्पताल संचालक से तीन दिन में जवाब देने को कहा गया है। इसी तरह सहसवान में एक अवैध अस्पताल मुख्य रोड पर चल रहा है।

नगर के मोहल्ला शहबाजपुर सिक्स रोड संख्या 30 से मुख्य बाजार जाने वाले मार्ग पर एक मकान पर होडिंग एवं बैनर लगााया गया है। इसकी शिकायत नगर के लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई है। कस्बे के लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसे अवैध अस्पतालों की सूची बना कर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत में लोगों ने बताया कि मोहल्ला शाहबाजपुर में एक मकान में भी बिना पंजीकरण के जच्चा बच्चा केंद्र खोला गया है। इसमें तैनात अप्रशिक्षित लोगों द्वारा लोगों के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है।

एक अस्पताल की दीवार पर नोटिस चस्पा किया गया है। अन्य अस्पतालों को चिन्हित किया जा रहा है। सहसवान के अस्पताल की जांच कराई जाएगी। यदि अवैध तरीके से संचालित होता पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। हर कस्बे में अस्पतालों की जांच की जा रही है- डॉ. रामेश्वर मिश्रा, सीएमओ

ये भी पढ़ें- बदायूं: गोवध करके कुंआ में अवशेष फेंकने के दो आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार