मुरादाबाद: पग-पग परीक्षा में रहेगी राधामोहन सिंह की पगड़ी
मुरादाबाद, अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह के सामने चुनौतियां कम नहीं हैं। प्रदेश में विधान परिषद चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। इसके बाद पंचायत चुनाव में पार्टी पहली बार कमल के सहारे कमाल को तैयार है। जबकि मिशन 2022 यानी विधान सभा चुनाव में पार्टी को सत्ता में बनाये रखने छोटा …
मुरादाबाद, अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह के सामने चुनौतियां कम नहीं हैं। प्रदेश में विधान परिषद चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। इसके बाद पंचायत चुनाव में पार्टी पहली बार कमल के सहारे कमाल को तैयार है। जबकि मिशन 2022 यानी विधान सभा चुनाव में पार्टी को सत्ता में बनाये रखने छोटा टास्क नहीं है। बिहार विधान सभा चुनाव के बाद इन्हें यूपी के प्रभारी का ताज दिया गया है। सच तो यह कि उन्हें अपनी पगड़ी बचाने को कदम-कदम पर परीक्षा से जूझना होगा।
स्नातक मतदाताओं के बीच पार्टी के उम्मीदवार हाजिरी लगा रहे हैं। इस चुनाव में प्रतिनिधि चुनने वाले पढ़ लिखे लोग होते है। इसलिए पार्टी के नियंता परेशान नहीं है। सत्ता के साये में चुनाव को देखने वाले तरह- तरह की बातें चौपाल पर कर रहे हैं। सबसे बड़ी और चुनौती अबकी भाजपा को पंचायत चुनाव में होनी है। पार्टी ने इतिहास में पहली बार सिम्बल पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान कर चुक है। यानी कि प्रधान से लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और ग्राम सभाओं के सदस्यों को भाजपा पार्टी का निशान देगी।
अब तक इन चुनावों में भाजपा सीधे नहीं उतरती थी। ऐसे में देश के सबसे जटिल चुनाव में भाजपा हाथ आजमाने जा रही है। ग्राम सभाओं के निर्वाचन में यह किसी दल का पहला प्रयोग होगा। तय है कि इसके परिणाम गांवों में राजनीति की गोलबंदी परवान चढ़ायेंगे। इसके बाद विधान सभा चुनाव का समय आ जायेगा। ऐसे में राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार चलाने वाले भाजपाई नियंता राधामोहन सिंह के प्रबंधन और कार्यकर्ता परख के परिणाम से उनका मूल्यांकन करेंगे। यानी की सिंह की पगड़ी को यूपी में कदम- कदम पर परीक्षा देने की नौबत रहेगी।
बातचीत में क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा कहते हैं कि भाजपा संगठन के सहारे हर कार्य करती है। यहां का हर कार्यकर्ता प्रभारी के रूप में कार्य करता है। चुनाव की बात होगी तो हम अपने आंतरिक लोकतंत्र आधारित तरीके से कार्य करेंगे। राधामोहन सिंह से हर कार्यकर्ता ऊर्जा का अनुभव कर रहा है। उन्हें संगठन की परख है। जिससे हम बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
राधामोहन सिंह और सुनील बंसल देंगे मंत्र
मुरादाबाद। भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, महामंत्री संगठन सुनील बंसल और प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक शनिवार को मुरादाबाद में कार्यकर्ताओं को नई चुनौतियों के बीच बेहतर कार्य के टिप्स देंगे। पार्टी की यह त्रिमृर्ति बुद्धि विहार स्थित पार्टी कार्यालय पर पदाधिकारियों से रूबरू होगी। शाम चार बजे से यह विशेष बैठक शुरू होगी। संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल क्रमवार विषय रखेंगे।
गांगन तिराहा पर होगा स्वागत
नव नियुक्त प्रदेश प्रभारी के प्रथम दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारी कर ली है। वह शनिवार को दिन के एक बजे मुरादाबाद पहुंचेंगे। दिल्ली से आ रहे प्रभारी का गांगन तिराहे पर स्वागत किया जायेगा। भाजपा के महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्र ने बताया कि इस दौरान कोरोना प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन होगा। महामंत्री संगठन सुनील बंसल बरेली से शाम चार बजे सीधे बैठक में पहुंचेंगे। शाम चार से छह बजे तक बैठक होगी। बैठक के पहले संगठन के प्रमुख लोगों से वह बात करेंगे। संगठन को प्रभावी और कार्यकर्ताओं को चुनावों के मद्देनजर तैयार करेंगे।
–आशुतोष मिश्र
