कानपुर में पति ने पत्नी को दिया तीन तलाक: महिला बोली- देह व्यापार का बना रहे दबाव, बंधक भी बनाया...

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। बाबूपुरवा थानाक्षेत्र में महिला ने देह व्यापार करने से इंकार कर उसका विरोध किया तो पति ने उसे तलाक दे दिया। पीड़िता ने ससुरालीजनों पर घर में बंधक बनाकर रखने का गंभीर आरोप लगाया है। ससुरालियों के चंगुल से छूटी महिला मायके पहुंची और पति समेत आठ ससुरालीजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

बाबूपुरवा निवासिनी पीड़ित महिला के अनुसार 12 जुलाई 2022 को उसकी शादी मुंबई के बांद्रा वेस्ट निवासी आहद सिद्दीकी से हुई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। उन लोगों ने इस पर असमर्थता जताई तो उसे नशीला पदार्थ पिला कर देह व्यापार कराने का दबाव बनाया।

आरोप है, कि इंकार करने पर ससुरालियों ने षड्यंत्र रचते हुए मारपीट कर उसे बंधक बना लिया। कई दिनों तक भूखा रखा। ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर उसने घटना की जानकारी अपने माता-पिता को दी। पीड़िता के अनुसार तीन नवंबर 2023 को परिवार वाले मुंबई पहुंच स्थानीय बांद्रा पुलिस की मदद से उसे बंधनमुक्त कराया। पांच नवंबर को पति ने तलाक देकर घर से निकाल दिया।

इसके बाद से अब पति उसे कॉल कर फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहा है। इस संबंध में बाबूपुरवा इंस्पेक्टर अरुण कुमार द्विवेदी के अनुसार पीड़िता की तहरीर पर पति समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक टीम मुंबई जाकर जांच करेगी। आरोपियों को यहां पर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जाएगा।

ये भी पढ़ें- कानपुर में CSA चुना गया सर्वश्रेष्ठ कृषि विश्वविद्यालय: उत्तर प्रदेश कृषि अकादमिक सोसाइटी ने विवि के पांच वैज्ञानिकों के नाम अवार्ड के लिए किए संस्तुत

संबंधित समाचार