कुख्यात लकड़ी तस्कर छिंदर पुलिस मुठभेड़ में घायल
रुद्रपुर, अमृत विचार: पीपल पड़ाव वन रेंज में वन विभाग की टीम पर गोलीबारी करने वाला कुख्यात लकड़ी तस्कर जसविंदर सिंह उर्फ छिंदर सिंह शनिवार की देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। जबकि उसके साथी करन सिंह ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली छिंदर के पैर पर लगी। घायल अवस्था में तस्कर को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर एसएसपी ने घटना की जानकारी ली।
6 सितंबर 2024 की देर शाम वन विभाग को सूचना मिली थी कि कुख्यात लकड़ी तस्कर संगी अपने गिरोह के साथ लकड़ी काटकर तस्करी कर रहा है। इस पर वन रेंजर रूप नारायण गौतम दो गार्डों के साथ बताए स्थान पर पहुंचे, जहां तस्कर गिरोह ने वन विभाग की टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें वन रेंजर व दो गार्ड घायल हो गए थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सरगना संगत सिंह उर्फ संगी, गुरमीत सिंह, गुरमेज सिंह उर्फ गेजी, सर्वजीत सिंह उर्फ छब्बी, संदीप, कुलदीप सिंह उर्फ किंपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद गुरमीत सिंह, सर्वजीत सिंह, स्वर्ण सिंह उर्फ सोनू के अलावा सरगना संगत सिंह निवासी ग्राम हरिपुरा हरसान थाना रामपुर को 6 नवंबर 2024 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। प्रकरण में कई नामजद आरोपी फरार चल रहे थे।
एक फरवरी 2025 की देर रात गदरपुर पुलिस को सूचना मिली कि कुख्यात लकड़ी तस्कर करन सिंह निवासी सेमल हरसान और जसविंदर सिंह उर्फ छिंदर सिंह निवासी मडिया हटटू को इलाके में देखा गया है। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने बाइक सवार कुख्यात लकड़ी तस्कर का पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायर किया और बेरिया मोड़ की ओर भाग गये। जिस पर पुलिस ने घेराबंदी की और जवाबी कार्रवाई में पांच-छह राउंड गोलियां चलाई। एक गोली छिंदर सिंह के पैर पर लगी, जबकि दूसरे आरोपी करन ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने घटना की जानकारी ली।
अभी भी कई आरोपी चल रहे फरार
रुद्रपुर: वन विभाग की टीम पर गोलीबारी करने के बाद मामले में जहां पुलिस ने कुख्यात लकड़ी तस्कर गिरोह के सरगना संगत सिंह सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन अभी भी कई आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। जिसमें संदीप सिंह निवासी थापक नगला कैलाखेड़ा, कुलदीप सिंह उर्फ किप्पी, छिंदर सिंह ग्राम मुड़िया हट्टू कैलाखेड़ा, हरजिंदर सिंह उर्फ बाबू निवासी ग्राम खुशहालपुर गदरपुर, सुरेंद्र सिंह उर्फ छेतु निवासी हरसान बाजपुर, करन सिंह निवासी हरसान शामिल हैं। जिसके खिलाफ पुलिस कुर्की का आदेश पाने की कोशिश कर रही है। पुलिस फरार आरोपियों पर इनाम भी घोषित कर सकती है।
संगी का है आतंक, कई मुकदमे दर्ज
रुद्रपुर: वन रेंजर रूप नारायण गौतम ने बताया कि हरिपुरा हरसान निवासी संगत सिंह उर्फ संगी एक पेशेवर एवं कुख्यात लकड़ी तस्कर है। संगी गिरोह का सरगना भी है। उसके गिरोह में 14 से 15 सक्रिय सदस्य हैं। संगी के इशारे पर ही गिरोह के सदस्य पीपल पड़ाव वन रेंज में प्रतिबंधित लकड़ियों की तस्करी करते हैं। कोई रोकने का प्रयास करता है तो उस पर जानलेवा हमला कर देते हैं। यही कारण है कि वन विभाग के आने की भनक लगते ही आरोपियों ने गोलीबारी कर दी। संगी गिरोह के खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
करन चला रहा था बाइक, छिंदर दाग रहा था गोली
रुद्रपुर: केलाखेड़ा थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बाइक सवार आरोपियों का पीछा करना शुरू किया। बताया कि करन सिंह बाइक चला रहा था, जबकि जसविंदर उर्फ छिंदर सिंह पुलिस टीम पर 315 बोर के तमंचे से ताबड़तोड़ गोलियां दाग रहा था। आरोपी ने पुलिस पर तीन राउंड गोलियां चलाई। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा व चार जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
छिंदर और करन पर दर्ज हैं कई मुकदमे
रुद्रपुर: केलाखेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए लकड़ी तस्कर छिंदर सिंह और करन सिंह पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया कि दोनों संगी गिरोह के सदस्य हैं और पूरा गिरोह एक साथ ही लकड़ी की तस्करी की घटनाओं को अंजाम देता है। दोनों के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम, वन विभाग की टीम पर हमला करने समेत पांच से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
