पीलीभीत: चिन्हित दस अवैध कालोनियों में दो पर चला बुलडोजर...अभी और बढ़ सकती है संख्या

पूरनपुर, अमृत विचार। कस्बे के आसपास अवैध रूप से कॉलोनी बनाई जा रही है। बिना मानकों के मनमाने तरीके से बनाई जा रही इन कालोनियों पर कार्रवाई की शुरुआत कर दी गई है। प्रशासन की जांच में 10 अवैध कॉलोनी चिन्हित की गईं। शनिवार को सिरसा रोड पर बनी दो अवैध कालोनियों पर प्रशासन की जेसीबी गरजी।
पूरनपुर क्षेत्र में कृषि भूमि खरीद कर प्लाटिंग कर महंगे दामों पर बिक्री की जा रही है। वर्तमान में कस्बे के इर्द गिर्द दर्जनों अवैध कॉलोनी बन रही है । प्लाटिंग करने से पहले जिला पंचायत से नक्शा पास नहीं कराया गया। इसके अलावा अन्य दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। इसको लेकर अधिकारियों से कई शिकायत की गई। प्रशासन ने शिकायतों को गंभीरता से लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। पूरनपुर नगर के आसपास लगभग 10 अवैध कालोनियों की पहली सूची प्रशासन ने तैयार की है। यह कॉलोनी बिना जिला पंचायत के नक्शे के बनाई जा रही थी। शनिवार को नायब तहसीलदार ऋषिकांत दीक्षित टीम के साथ सिरसा रोड के गैरतपुर जपती में पहुंचे। कालोनी में अवैध रूप से किए गए निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान जमीन को कई टुकड़ों में चिन्हित कर उन्हें बिक्री किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर से दस्तावेज मांगे गए तो वह नहीं दिखा सका। जानकारी लगते ही कॉलोनाइजरो में हड़कंप मच गया। माना जा रहा है। प्रशासन की जांच के बाद अवैध कालोनियों की संख्या और बढ़ेगी। फिलहाल सख्ती के बाद से खलबली मची हुई है। नायब तहसीलदार ने बताया कि कॉलोनी बनाए जाने से संबंधित कॉलोनाइजर अपने दस्तावेज पूर्ण कर लें अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: सिस्टम सख्त तो रिस्क पर काम...ये कहकर बढ़ा दिए चाइनीज मांझे के दाम