Budget 2025: बजट पर विपक्ष की प्रतिक्रिया, बोले राहुल गांधी- यह सरकार विचारों से दिवालिया है, कुछ भी नया नहीं...
.jpg)
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बजट 2025-26 को आर्थिक क्षेत्र में सरकार के वैचारिक दिवालियापन की संज्ञा देते हुये शनिवार को कहा कि बजट प्रस्तावों में अर्थव्यवसथा में सुधार के लिये कोई ठोस बात नहीं है। उन्होंने इस बजट को गोली के घाव को मरहम से ठीक करने जैसा प्रयास करार दिया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण में कुछ भी नया नहीं था और बजट में तबाह हो रही अर्थव्यवस्था को संभालने के कोई प्रयास नहीं किये गये हैं। इसमें जो कुछ भी कदम उठाने की कोशिश हुई है, वह गोली के घाव पर मरहम लगाने जैसा है।
राहुल गांधी ने अपनी बजट प्रतिक्रिया में कहा, “गोली के घावों के लिये एक बैंडेज-सहायता। वैश्विक अनिश्चितता के बीच, हमारे आर्थिक संकट को हल करने के लिये एक आदर्श बदलाव की आवश्यकता है, लेकिन यह सरकार विचारों से दिवालिया है।”
सरकार एकबार फिर झारखण्ड के साथ सौतेलापन का व्यवहार किया है: संजय प्रसाद
झारखंड के श्रम नियोजन,प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने केंद्र सरकार के आम बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी सरकार एकबार फिर झारखण्ड के साथ सौतेलापन का व्यवहार किया है जो उचित नहीं है।
राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता संजय यादव ने आज यहां कहा कि बजट में झारखंड के बकाये एक लाख छत्तीस हजार करोड़ रुयये का जिक्र भी नहीं किया गया न ही हमारे राज्य के विकास लिए कोई पैकेज दी गई। झारखण्ड को टूरिज्म उद्योग और कौशल विकास का एक बड़ा केंद्र बनाया जा सकता है किन्तु केंद्र सरकार ने झारखण्ड के साथ अनदेखी करने का काम किया है।
मंत्री यादव ने कहा कि केंद्र सरकार भले अनदेखी करें किन्तु झारखण्ड सरकार झारखंडी जनता के साथ हमेशा खड़ी है। आम बजट पर राष्ट्रीय जनता दल के झारखंड प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार कहा कि केंद्र सरकार हमेशा झारखण्ड के साथ सौतेला व्यवहार करता रहा है जबकि झारखण्ड अन्य राज्यों से अधिक रॉयल्टी देता है झारखण्ड के कोयला और अन्य खनिज सम्पदा से अन्य राज्य खुशहाल है किन्तु भाजपा कि केंद्र सरकार का झारखण्ड के साथ सौतेलापन का व्यवहार हमेशा रहा है जो झारखंडी जनता के साथ अन्याय है।
अरबपतियों के लिए ऋण माफी को समाप्त करने के प्रस्ताव की अनदेखी से निराश हूं: केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि वह इस बात से निराश हैं कि अरबपतियों के लिए ऋण माफी को समाप्त करने तथा बचाई गई धनराशि को मध्यम वर्ग और किसानों पर खर्च करने के उनके सुझाव को केंद्रीय बजट 2025-26 में पूरा नहीं किया गया। केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘देश के खजाने का एक बड़ा हिस्सा चंद अमीर अरबपतियों के ऋण माफ करने में चला जाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने मांग की थी कि बजट में ये ऐलान किया जाए कि आगे से किसी अरबपति के कर्ज माफ नहीं किए जाएंगे। इससे बचने वाले पैसे से मध्यम वर्ग के गृह कर्ज और वाहन कर्ज में छूट दी जाए, किसानों के कर्ज़े माफ किए जायें। आयकर और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) आधे किए जायें। मुझे दुख है कि ये नहीं किया गया।’’
केंद्रीय बजट में झारखंड और यहां के लोगों को नजरअंदाज किया गया : झामुमो
झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शनिवार को दावा किया कि केंद्रीय बजट 2025-26 में राज्य के लिए कुछ भी नहीं है। उसने आरोप लगाया कि केंद्रीय बजट में राज्य और इसके लोगों को ‘पूरी तरह से नजरअंदाज’ किया गया है। इससे पहले दिन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया।
झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा, ‘‘बजट में झारखंड के लिए कुछ भी प्रस्तावित नहीं किया गया है। पड़ोसी राज्य बिहार को कई परियोजनाएं दी गयी हैं, लेकिन झारखंड और उसके लोगों की पूरी तरह उपेक्षा की गयी है।’’ वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्रीय बजट पेश करते समय बिहार केंद्र में रहा और सीतारमण ने राज्य के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें मखाना बोर्ड की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना की क्षमता बढ़ाने के लिए सहायता करना शामिल है।
झामुमो नेता ने आरोप लगाया कि झारखंड के खनिज देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं, लेकिन राज्य के साथ ‘‘सौतेला व्यवहार’’ किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद थी कि केंद्र सरकार राज्य को 1.36 लाख करोड़ रुपये का भुगतान करेगी। लेकिन बजट में इसका कोई उल्लेख नहीं है। हम पूछना चाहते हैं कि झारखंड के प्रति ऐसा उपेक्षापूर्ण रवैया क्यों अपनाया गया।’’
हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने दावा किया कि केंद्रीय बजट में समाज के सभी वर्गों, विशेषकर महिलाओं, युवाओं, छात्रों, उद्यमियों और मध्यम वर्गीय परिवारों का ध्यान रखा गया है। झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा, ‘‘विकासोन्मुख बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास’ के दृष्टिकोण को बढ़ावा देता है और यह 2047 तक ‘विकसित भारत’ के सपने को हासिल करने में मदद करेगा।’’
बजट में पंजाब को अनदेखा किया गया: भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि केंद्रीय बजट में एक बार फिर पंजाब को अनदेखा किया गया। श्री भगवंत मान ने शनिवार को बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ''केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट में एक बार फिर पंजाब को अनदेखा किया गया। पंजाब के किसानों, नौजवानों को केंद्र सरकार ने कुछ भी नहीं दिया है। केंद्र द्वारा न तो किसानों को फ़सल पर एमएसपी दी गई, न ही राज्य को किसी इंडस्ट्री के लिए पैकेज दिया गया।
पंजाब को ऐसा कुछ नहीं दिया गया जो उसके आर्थिक और भविष्य में सुधार ला सके।'' उन्होंन कहा ''यह बजट केवल चुनावी बजट है, जिसमें केवल बिहार राज्य के लिए ही घोषणा हैं। एक बार फिर बजट में केंद्र सरकार ने पंजाब और पंजाबियों के साथ सौतेला व्यवहार किया है। पर पंजाब को हम अपने बलबूते पर पैरों पर खड़े करके रहेंगे।''
ये भी पढ़ें- मोदी सरकार के आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप है बजट: अमित शाह